भाजपा की प्रचंड जीत पर सहारनपुर में जश्न, घंटाघर चौक पर मिठाई और झालमुड़ी बांटकर मनाई खुशी

पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत पर सहारनपुर में कार्यकर्ताओं ने भव्य जश्न मनाया। घंटाघर चौक पर मिठाइयां और झालमुड़ी बांटकर खुशी जाहिर की गई। पढ़ें पूरी खबर।

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत और पूर्ण बहुमत की सरकार बनने पर सहारनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर के प्रमुख स्थल घंटाघर चौक पर सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्रित हुए और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और विशेष रूप से ‘झालमुड़ी’ वितरित कर एक-दूसरे को बधाई दी। पूरे क्षेत्र में जयघोषों और उत्सव का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में मौजूद भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने पश्चिम बंगाल में मिली ऐतिहासिक जीत को लोकतंत्र की सशक्त अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि वहां की जनता ने लंबे समय से चली आ रही भय, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है और विकास, सुशासन तथा सांस्कृतिक आत्मसम्मान के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब भ्रम और खोखले वादों की राजनीति से ऊपर उठ चुकी है और स्थिर एवं पारदर्शी शासन चाहती है।


महापौर डॉ. अजय सिंह ने इस जीत को “नए भारत” की सोच का प्रतीक बताते हुए कहा कि देश की जनता अब विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों को भी महत्व दे रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक भूमि पर भाजपा की जीत पूरे देश के लिए सकारात्मक संदेश लेकर आई है।
पूर्व महापौर संजीव वालिया ने भी इस अवसर पर कहा कि जनता अब अपनी जड़ों और पहचान के प्रति जागरूक हो चुकी है और यही कारण है कि उसने बदलाव के पक्ष में मतदान किया।
कार्यक्रम के दौरान असम और पुडुचेरी में भाजपा की दोबारा सरकार बनने पर भी खुशी व्यक्त की गई। महानगर महामंत्री सरदार सुपनीत सिंह ने कहा कि असम की जनता ने विकास, शांति और स्थिरता को प्राथमिकता देते हुए भाजपा पर अपना भरोसा दोहराया है, जो राज्य के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। वहीं महामंत्री किशोर शर्मा और ललित कटारिया ने कहा कि यह जनादेश सरकार की नीतियों और पिछले कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों पर जनता की मुहर है।
मीडिया प्रभारी विजय गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के कारण ही यह ऐतिहासिक सफलता संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि इस जीत के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं और पार्टी तथा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया प्रभारी प्रदीप शर्मा, हेमंत धीमान, कोषाध्यक्ष मानवेंद्र भारद्वाज, महानगर उपाध्यक्ष संदीप रावत, मनोज ठाकुर, दिनेश सेठी, प्रवीण छाबड़ा, महानगर मंत्री नीरज ठकराल, बबीता सैनी, ठाक सिंह, नितिन परमार, सागर वर्मा, अंकित जाटव, जितेन सचदेवा, मंडल अध्यक्ष मनुज तायल, विजय चौहान, गोपाल महेंद्रत्ता, हनी वर्मा, जोगेंद्र लाला, पार्षद राहुल झाम्ब, मनीष सचदेवा, निशांत शर्मा, जसबीर मोघा, मनोज जैन, गौरव जैन, राजकुमार कालरा, कुलदीप पुंडीर, हैदर, जावेद सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह जीत देश में विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा सरकारें इसी तरह जनहित में कार्य करते हुए देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाती रहेंगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य