सहारनपुर नगर निगम का बड़ा अभियान: 25 वार्डों में 18 हजार कुत्तों को एंटी रेबीज टीका

2030 तक रेबीज मुक्त भारत के लक्ष्य की ओर तेज़ी से बढ़ रहा निगम, 300 दिन में 70 वार्ड कवर करने का लक्ष्य

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सहारनपुर नगर निगम प्रदेश में एक मिसाल पेश करते हुए एंटी रेबीज टीकाकरण अभियान को तेज़ गति से चला रहा है। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देशन में पिछले चार महीनों में नगर निगम की टीमों ने 25 वार्डों को कवर करते हुए लगभग 18 हजार कुत्तों (श्वानों) को एंटी रेबीज टीका लगाया है। यह अभियान भारत सरकार के वर्ष 2030 तक देश को रेबीज मुक्त बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है।

नगर निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी एवं एंटी रेबीज अभियान प्रभारी डॉ. सदीप मिश्रा ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 8 जनवरी को वार्ड 40 स्थित निगम परिसर से की गई थी, जिसका शुभारंभ महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त शिपू गिरि द्वारा किया गया था। उन्होंने बताया कि निगम ने 300 दिनों में 70 वार्डों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसमें अब तक 25 वार्डों में सफलतापूर्वक अभियान चलाया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत कुल पांच टीमें कार्य कर रही हैं। प्रत्येक टीम में चार डॉग कैचर, एक वैक्सीनेटर, एक पशु चिकित्सक और एक वाहन शामिल है, जिससे अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। विशेष रूप से बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण किया जा रहा है, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि नगर निगम द्वारा अब तक 25,785 श्वानों का बंध्याकरण (नसबंदी) भी किया जा चुका है। बंध्याकरण के दौरान भी कुत्तों को एंटी रेबीज टीका लगाया जाता है और जिन श्वानों को पहले टीका लगाया जा चुका है, उन्हें समय-समय पर बूस्टर डोज भी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय रेबीज नियंत्रण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2030 तक देश को रेबीज मुक्त बनाना और कुत्तों के काटने से होने वाली मौतों को शून्य तक लाना है। सहारनपुर नगर निगम इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

इस अभियान से न केवल पशुओं में बीमारी की रोकथाम हो रही है, बल्कि आम नागरिकों को भी संभावित खतरों से सुरक्षा मिल रही है। नगर निगम की यह पहल जनस्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य