फैय्याज अली आब्दी
नानौता (सहारनपुर)।आज़ाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) द्वारा निकाली जा रही “सत्ता परिवर्तन साइकिल यात्रा” को नानौता पहुंचने पर जोरदार जनसमर्थन मिला। वरिष्ठ आसपा नेता एवं चेयरमैन पति अफज़ाल खां ने अपने निवास पर यात्रा का भव्य स्वागत करते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें साइकिल भेंट कर सम्मानित किया।
बताया गया कि यह साइकिल यात्रा 27 अप्रैल से नकुड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर से शुरू हुई है, जो प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरते हुए पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। यात्रा में शामिल युवा कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ लोगों को जोड़ने में लगे हैं।

नानौता पहुंचने पर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के आसपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान अफज़ाल खां ने कहा कि यह यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और परिवर्तन का अभियान है। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी इस यात्रा को और भी मजबूत बना रही है, जो आने वाले समय में बदलाव का आधार बनेगी।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान अफज़ाल खां ने साइकिल यात्रा में सक्रिय भूमिका निभा रहे कार्यकर्ताओं—अरविंद बाल्मीकि, आशु कुमार, रोबीन सेहजवा, विक्की कुमार, अक्षय कुमार, शुभम रतनाहेड़ी, शक्ति सिंह, संदीप लोहिया, जोगिंदर माजरी और रवि मित्तरगढ़—को साइकिल भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास युवाओं में राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में गंगोह विधानसभा प्रभारी पृथ्वीराज सिंह, नानौता ब्लॉक प्रभारी अनिल आभा, रेहान खां, शमशेर खां, नसीम सिद्दीकी, मास्टर शौक रज़ा आब्दी, दीन मोहम्मद प्रधान, मुस्तफा माधोपुर, मौलवी फरज़ंद चौधरी, मुस्तकीम मंसूरी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि साइकिल यात्रा के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को समझने और उन्हें मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, युवाओं को सामाजिक और राजनीतिक रूप से जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
आसपा कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे इस यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरे प्रदेश में सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएंगे और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएंगे।








