शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। एकेडेमी ऑफ डायबिटीज एवं कार्डियारीनल (डीसीआर) फोरम, लंदन एवं केड द्वारा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजीव मिगलानी को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित ‘लिओनेल आपे फैलोशिप’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें डायबिटीज, कार्डियक (हृदय) एवं रीनल (किडनी) रोगों के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य, शोध एवं जनजागरूकता अभियानों के लिए प्रदान किया गया।
यह सम्मान समारोह JW Marriott Mumbai में आयोजित संयुक्त डायबिटीज, कार्डियक एवं रीनल मेडिसिन कॉन्फ्रेंस के दौरान हुआ, जिसमें देश-विदेश से आए अनुभवी चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, नवीन शोध और उपचार विधियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में यूके, लंदन से आए प्रतिष्ठित विशेषज्ञों—प्रोफेसर स्टेफन डेल प्रेटो, प्रोफेसर एले फेरानिनी और प्रोफेसर रली हालमेन—ने संयुक्त रूप से डॉ. मिगलानी को यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट किया गया।
डॉ. मिगलानी पिछले करीब 25 वर्षों से डायबिटीज, हृदय एवं किडनी रोगों के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोधपत्र प्रस्तुत किए हैं और समाज में इन गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए हैं। उनके योगदान ने न केवल चिकित्सा क्षेत्र में नई दिशा दी है, बल्कि मरीजों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सम्मेलन में प्रोफेसर गियान फेडिनी, प्रोफेसर लेम्बर, प्रोफेसर मार्क पेटरी, डॉ. हर्ष वर्धन, डॉ. शैलजा, डॉ. संजीव शाह, डॉ. टीनी नायर, अनंत निगम एवं डॉ. सदानंद सेठी सहित अनेक विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. संजीव मिगलानी ने आयोजकों और डीसीआर फोरम लंदन के अकादमिक डायरेक्टर्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य समाज में डायबिटीज, हृदय एवं किडनी रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।








