सहारनपुर राष्ट्रीय लोक अदालत 2026: 9 मई को आयोजन, जागरूकता वाहन रवाना

सहारनपुर में 6-8 मई विशेष लोक अदालत और 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन। जनपद न्यायाधीश ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, अधिक वाद निस्तारण का लक्ष्य।

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जनपद सहारनपुर में 6, 7 व 8 मई 2026 को पैटी ऑफेन्स की विशेष लोक अदालत तथा 9 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायालय सहित सभी तहसीलों में संपन्न कराया जाएगा।

इसी क्रम में मंगलवार को जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश देवेन्द्र सिंह, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अम्बर रावत, बार एसोसिएशन अध्यक्ष राहुल त्यागी एवं महासचिव पालम राणा भी मौजूद रहे।

अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत श्रेय शुक्ला तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पप्पू कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रचार वाहन 5 और 6 मई को जनपद की सभी तहसीलों, गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और विभिन्न कानूनों के प्रति जागरूक करेगा। इस अभियान में पैरालीगल वालंटियर्स (PLV) की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम, वैवाहिक वाद (तलाक को छोड़कर), लघु शमनीय वाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम, एनआई एक्ट, दीवानी वाद, विद्युत अधिनियम, ट्रैफिक ई-चालान, भूराजस्व वाद (केवल न्यायालय में लंबित), बैंक ऋण विवाद तथा अन्य प्रशासनिक मामलों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य आमजन को त्वरित, सस्ता और सौहार्दपूर्ण न्याय उपलब्ध कराना है। इसमें दोनों पक्षों की सहमति से मामलों का निस्तारण होता है और ऐसे मामलों में अपील की आवश्यकता नहीं होती। साथ ही, वादकारियों द्वारा जमा की गई कोर्ट फीस भी वापस कर दी जाती है, जिससे यह प्रक्रिया और अधिक लाभकारी बन जाती है।

उन्होंने अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं आम जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में भाग लेकर अपने लंबित मामलों का निस्तारण कराएं और इस वैकल्पिक न्याय व्यवस्था का लाभ उठाएं।

बताया गया कि 14 मार्च 2026 को आयोजित पिछली लोक अदालत में जनपद सहारनपुर में कुल 4,57,310 वादों का निस्तारण किया गया था। इस बार इससे भी अधिक मामलों के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान अपर जिला जज श्रेय शुक्ला और बार एसोसिएशन अध्यक्ष राहुल त्यागी ने भी लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालय स्टाफ और प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य