शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्री राम बालाजी सेवा समिति द्वारा गौशाला रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में 100 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच संपन्न हुए इस आयोजन में नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान सभी वर-वधुओं का विवाह विधिविधान से संपन्न कराया गया। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव का माहौल देखने को मिला। समिति के पदाधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की कामना की।
समिति के अध्यक्ष सचिन गोयल और उत्सव संचालक प्रवीण वर्मा ने बताया कि इस तरह के सामूहिक विवाह समारोह का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों की सहायता करना और समाज में आपसी सहयोग एवं एकता की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समिति इसी प्रकार के सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखेगी।

कार्यक्रम के दौरान समिति की ओर से सभी कन्याओं को गृहस्थी से संबंधित आवश्यक सामान भी भेंट किया गया, जिससे वे अपने नए जीवन की शुरुआत बिना किसी आर्थिक परेशानी के कर सकें। इस पहल को समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा सराहा गया।
इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुंबर, डिप्टी मेयर मयंक गर्ग, मुख्य सलाहकार राहुल जैन, कोषाध्यक्ष कमल चैरसिया, भंडारा आयोजक राजेश्वर वर्मा, मंत्री सौरव मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा अतुल गर्ग, संजय कर्नवाल, हितेश गर्ग, सतीश सिंघल, मुकेश चैरसिया, राजेश चैरसिया, मनोज अग्रवाल, राजन सैनी, तनिष्क गर्ग, देव गर्ग, कपिल कंसल और विशाल चौहान समेत समिति के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया और इस सामाजिक पहल की सराहना की। आयोजन ने न केवल जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया, बल्कि समाज में एकजुटता और सहयोग का संदेश भी दिया।
समिति द्वारा किए गए इस आयोजन को क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिसने समाज सेवा और मानवीय मूल्यों को सशक्त करने का कार्य किया है।








