शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट (सहारनपुर)। कोतवाली बेहट पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्त को कस्बे के बस स्टैंड से उस समय दबोचा, जब वह फरार होने की फिराक में था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दिखित ने बताया कि मंगलवार को पीड़िता के परिजनों की लिखित तहरीर पर इंद्रा कॉलोनी निवासी राशिद पुत्र गफूर के खिलाफ नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि इस घटना के चलते पीड़िता गर्भवती हो गई। जब परिजनों ने आरोपी पक्ष से बात की तो उन्होंने समझौते से इनकार कर दिया और उल्टा जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। बुधवार को प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को कस्बे के बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।
प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।








