देवबंद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान, बोले- फतवों और दंगों की राजनीति अब नहीं चलेगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवबंद में जनसभा को संबोधित करते हुए बंगाल की जीत, कानून व्यवस्था, विकास परियोजनाओं और फतवों की राजनीति पर बड़ा बयान दिया। सहारनपुर में एयरपोर्ट, गंगा एक्सप्रेसवे और शाकंभरी कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं का भी जिक्र किया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर/देवबंद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सहारनपुर जनपद के देवबंद पहुंचे, जहां उन्होंने हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, कानून व्यवस्था, कनेक्टिविटी और विकास योजनाओं पर विस्तार से अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए विपक्षी दलों और फतवों की राजनीति पर भी तीखा हमला बोला।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां शाकंभरी देवी सिद्धपीठ और माता त्रिपुरबाला कुंदरी का स्मरण करते हुए कहा कि देवबंद और सहारनपुर की धरती आस्था, संस्कृति और राष्ट्रवाद की मजबूत पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर जिले में हजारों करोड़ रुपये की लागत से सैकड़ों विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इन परियोजनाओं से जिले में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।

उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है और योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हालिया चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद की राजनीति को स्वीकार कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार, उत्तराखंड में दूसरी बार और पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद उन लोगों को आईना दिखा है, जो समाज को बांटने की राजनीति करते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनता उन सरकारों को दोबारा अवसर देती है, जो जनभावनाओं का सम्मान करती हैं और वादों को पूरा करती हैं। वहीं जो दल देश, संस्कृति और राष्ट्रभावना के साथ विश्वासघात करते हैं, जनता उन्हें सत्ता से बाहर करने में देर नहीं लगाती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल और ताकतें जाति और फतवों के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास करती रही हैं, लेकिन जनता अब ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अब समाज विभाजित नहीं होगा, बल्कि विभाजनकारी ताकतों को जनता अपने मतों की ताकत से जवाब देगी।

उन्होंने सहारनपुर का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2013 से 2016 के बीच यहां दंगों का माहौल रहता था, लेकिन अब प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और प्रदेश दंगा मुक्त वातावरण की ओर बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश करेगा तो उसे परिणाम भी भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर तेजी से विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। मां शाकंभरी देवी विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया है और जल्द उसका भव्य उद्घाटन होगा। इसके अलावा सहारनपुर एयरपोर्ट का कार्य भी अंतिम चरण में है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि पहले सहारनपुर की पहचान टकराव और फतवों की राजनीति से जुड़ी रहती थी, लेकिन अब यह क्षेत्र विकास और निवेश की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में आधुनिक कनेक्टिविटी का बड़ा नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल सेवा और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से पश्चिमी उत्तर प्रदेश को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे बनने के बाद सहारनपुर से लखनऊ की दूरी लगभग छह घंटे में पूरी की जा सकेगी, जबकि प्रयागराज तक पहुंचने में करीब साढ़े सात घंटे का समय लगेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मां शाकंभरी देवी धाम तक एलिवेटेड हाईवे का निर्माण कराया जा रहा है। इसके बनने के बाद श्रद्धालु हर मौसम में आसानी से दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आस्था और विकास दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य