।जीआईएस हाउस टैक्स और ईद व्यवस्थाओं को लेकर पार्षद दल ने मेयर व नगर आयुक्त से की मुलाकात

सहारनपुर में जीआईएस हाउस टैक्स बिलों और ईदुल अजहा व्यवस्थाओं को लेकर पार्षद दल ने मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह व नगर आयुक्त शिपू गिरि से मुलाकात की। हाउस टैक्स राहत, सफाई, पानी और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र व्यवस्था पर चर्चा हुई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। नगर निगम क्षेत्र में जीआईएस सर्वे के बाद बढ़े हुए हाउस टैक्स बिलों तथा आगामी ईदुल अजहा पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर के नेतृत्व में पार्षद दल ने मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह और नगर आयुक्त शिपू गिरि से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। पार्षदों ने नगर क्षेत्र सहित 32 गांवों के लोगों को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान की मांग की।

बैठक के दौरान पार्षद मंसूर बदर ने बताया कि जीआईएस सर्वे के दौरान कई भवन स्वामियों द्वारा समय पर आपत्तियां दर्ज नहीं कराई जा सकीं, जिसके चलते उनके हाउस टैक्स के एक्सपार्टी बिल कई गुना बढ़कर हजारों और लाखों रुपये तक पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे आम जनता आर्थिक दबाव में है और लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है। उन्होंने मांग की कि ऐसे भवन स्वामियों को स्वकर योजना के अंतर्गत फार्म भरने का अवसर प्रदान किया जाए, ताकि वे अपने बिलों का संशोधन करा सकें और राहत प्राप्त कर सकें।

पार्षद दल ने आगामी 26 मई को मनाए जाने वाले ईदुल अजहा पर्व के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन को पानी, सफाई, कूड़ा उठान तथा कुर्बानी के अवशेषों के उचित निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की। पार्षदों ने कहा कि त्योहार के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखना बेहद जरूरी है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में नगर और 32 गांवों के निवासियों के सामने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र तथा हाउस टैक्स से संबंधित कार्यों के लिए बनाए गए दूरस्थ जोन कार्यालयों की समस्या भी उठाई गई। पार्षदों ने कहा कि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूर-दराज के जोन कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे आमजन को भारी असुविधा हो रही है।

इस पर नगर निगम प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि नगर निगम परिसर में ही स्ट्रीट लाइट विभाग के पास जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और हाउस टैक्स संबंधी पत्रावलियों के निस्तारण के लिए नया कार्यालय शुरू किया जा रहा है। इस निर्णय का पार्षदों ने स्वागत किया और इसे आम जनता के लिए बड़ी राहत बताया।

पार्षद समीर अंसारी, सईद सिद्दीकी और इजहार मंसूरी ने इस नई व्यवस्था के लिए मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह और नगर आयुक्त शिपू गिरि का आभार व्यक्त किया। वहीं पार्षद आसिफ अंसारी, महमूद हसन, गुलजेब खान और जफर अंसारी ने कहा कि स्वकर योजना लागू होने से बढ़े हुए हाउस टैक्स बिलों में व्याप्त दलाली की समस्या समाप्त होगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।

पार्षद रईस पप्पू, मेनपाल, डॉ. मंसूर और एडवोकेट जावेद ने भी कहा कि नगर निगम प्रशासन ईदुल अजहा पर्व से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करेगा, जिससे शहर में साफ-सफाई और अन्य सुविधाएं सुचारु रूप से बनी रहेंगी।

बैठक के अंत में पार्षद दल ने नगर निगम परिसर में ही जोन संबंधी कार्यों की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह और नगर आयुक्त शिपू गिरि का धन्यवाद ज्ञापित किया। नगर निगम प्रशासन ने भी नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य