18 मई को गागलहेड़ी में कांग्रेस का बड़ा सम्मेलन, इमरान मसूद बोले- नफरत की राजनीति को मोहब्बत से हराएंगे

सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने 18 मई को गागलहेड़ी में होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन की जानकारी दी। सम्मेलन में कांग्रेस के बड़े नेता शामिल होंगे और संगठन मजबूती पर चर्चा होगी।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। कांग्रेस सांसद काजी इमरान मसूद ने कहा कि आगामी 18 मई को गागलहेड़ी में आयोजित होने वाला कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन ऐतिहासिक होगा, जिसमें देश और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की नफरत और विभाजनकारी राजनीति का मुकाबला केवल आपसी भाईचारे, सौहार्द्र और मोहब्बत के पैगाम से ही किया जा सकता है। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मजबूत संगठन तैयार करना होगा।

कांग्रेस सांसद काजी इमरान मसूद अपने आवास स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक से पहले उन्होंने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ आगामी सम्मेलन की तैयारियों और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की।

इमरान मसूद ने बताया कि 18 मई को कस्बा गागलहेड़ी स्थित रॉयल पैलेस में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा सहित प्रदेश के सभी कांग्रेस सांसद और कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि सहारनपुर से शुरू हो रहा यह सम्मेलन प्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा देगा।

सांसद इमरान मसूद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश में नफरत की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है। बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई, महिलाओं और दलितों पर अत्याचार जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जबकि कांग्रेस संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जिस समानता आधारित समाज का सपना देखा था, भाजपा सरकार शिक्षा के व्यवसायीकरण और सामाजिक विभाजन के जरिए उसे कमजोर करने का काम कर रही है। ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है कि वे गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करें और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई को मजबूत करें।

इमरान मसूद ने कहा कि जिस तरह कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर उन्हें संसद तक पहुंचाया, उसी तरह अब संगठन को और अधिक मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और वोट चोरी जैसे षड्यंत्रों को विफल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर विकास, भाईचारा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना है।

जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि 18 मई के सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिले के सभी 110 मंडल अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक गांव और पंचायत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक को एमएलसी शाहनवाज खान, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, चौधरी इरशाद चेयरमैन और हमजा मसूद ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती और सम्मेलन की सफलता के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, विवेककांत सिंह, विनय माजरा, डॉ. रागिब अंजुम, डॉ. अमीर अहमद, संदीप चौधरी, सुदेश प्रधान, नितिन शर्मा, वरुण शर्मा, सरदार चंद्रजीत निक्कू, आरिफ खान, अक्षय चौधरी, विक्की पूजना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य