शहरी चौपाल ब्यूरो
बनत/शामली। नगर पंचायत बनत में स्वगणना अभियान की शुरुआत को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसन्न चौधरी उपस्थित रहे। इस दौरान नगर पंचायत प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में स्वगणना करने की अपील की।
कार्यक्रम में सदर विधायक प्रसन्न चौधरी का नगर पंचायत बनत के चार्ज अधिकारी एवं ईओ देवकी नंदन यादव तथा नगर पंचायत अध्यक्ष कुसुम देवी ने संयुक्त रूप से फूलों का बुके भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक प्रसन्न चौधरी द्वारा स्वयं अपनी स्वगणना कराकर किया गया। उन्होंने कहा कि स्वगणना अभियान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सही लाभार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर चार्ज अधिकारी एवं ईओ देवकी नंदन यादव ने कहा कि स्वगणना अभियान समाज और प्रशासन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से इस जनहित कार्य में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अधिक से अधिक स्वगणना करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।
उन्होंने कहा कि सही आंकड़े उपलब्ध होने से सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक आसानी से पहुंचाया जा सकेगा। इसके लिए नगर पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष कुसुम देवी, नगर पंचायत के सभासद, कर्मचारी और कस्बे के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।








