फैय्याज अली आब्दी
सहारनपुर , नानौता । सहारनपुर जनपद के नानौता कस्बे में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी गर्भवती भाभी की फावड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी करीब दो घंटे तक खून से सना फावड़ा लेकर शव के पास बैठा रहा और आसपास मौजूद लोगों को धमकाता रहा। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना नानौता कस्बे के चाहमंजिल मोहल्ले की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मोहल्ला निवासी सलमान ने करीब पांच माह पहले सना नाज नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि सना नाज करीब पांच माह की गर्भवती थी। रविवार को सलमान घर पर मौजूद नहीं था। इसी दौरान उसका छोटा भाई आमिर शराब के नशे में घर पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी बात को लेकर आमिर और उसकी भाभी सना नाज के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आमिर ने पास में रखा फावड़ा उठाकर सना नाज पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य और मोहल्ले के लोग महिला को बचाने के लिए आगे आए, लेकिन आरोपी आमिर ने सभी को जान से मारने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि वह करीब दो घंटे तक शव के पास बैठा रहा और किसी को भी नजदीक नहीं आने दिया। जब भी कोई उसे रोकने की कोशिश करता, वह और अधिक उग्र हो जाता।
सूचना मिलते ही नानौता पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू में लिया और गिरफ्तार कर लिया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका सना नाज करीब छह महीने पहले ही इस परिवार में बहू बनकर आई थी। इलाके के लोगों ने बताया कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था। घटना के बाद मोहल्ले में मातम का माहौल है और लोग इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस पारिवारिक विवाद समेत अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक वारदात ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और नशे की समस्या को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गर्भवती महिला की इस निर्मम हत्या से पूरे कस्बे में शोक और आक्रोश का माहौल है।








