Saharanpur News इमरान मसूद के आवास पर भाजपा महिला मोर्चा का जनआक्रोश धरना, नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस पर हमला

सहारनपुर में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के आवास के बाहर जनआक्रोश धरना देकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध पर कांग्रेस और विपक्षी दलों के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी कर महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की आवाज बुलंद की।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा गुरुवार को कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के आवास के बाहर महिला जनआक्रोश धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा महानगर महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुईं। महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस और विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरने के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने “नारी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”, “महिलाओं का अधिकार सुनिश्चित करो” और “नारी शक्ति का विरोध बंद करो” जैसे नारों के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म रहा और पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया।

भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री महिला मोर्चा रमा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार ऐतिहासिक फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है, लेकिन विपक्षी दल लगातार इसका विरोध कर महिलाओं के अधिकारों का अपमान कर रहे हैं।

रमा गुप्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल महिला हितों के मुद्दों पर केवल राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और महिला सम्मान के खिलाफ किसी भी प्रकार की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेंगी।

भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री सरोज शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और विपक्षी नेताओं का रवैया महिलाओं की भावनाओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का दोहरा चरित्र अब जनता के सामने उजागर हो चुका है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए भाजपा सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

भाजपा महानगर महिला मोर्चा की पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कुसुम अग्रवाल ने कहा कि विपक्षी दलों को देश की महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करना महिलाओं की प्रगति को रोकने का प्रयास है।

महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती शर्मा और महानगर उपाध्यक्ष कंचन धवन ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं से करोड़ों महिलाओं को लाभ मिल रहा है और महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है।

महानगर महिला मोर्चा की महामंत्री सारिका गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से महिला सशक्तिकरण की पक्षधर रही है। उज्ज्वला योजना, मातृत्व वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को नई ताकत मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार महिलाओं के अधिकारों का विरोध कर रहा है, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

भाजपा नेता नंदिनी बाटला, आशा सब्बरवाल और पूजा शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विपक्ष महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर राजनीति करना बंद नहीं करेगा तो पूरे प्रदेश में व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।

धरना प्रदर्शन में सोनम कश्यप, सिमरन गुंबर, शिखा कश्यप, दीप्ति, पार्षद आरती, बरखा कल्याण, नूतन सहित महिला मोर्चा की अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य