सहारनपुर नगर सीट से चुनाव लड़ने का इसरार चौधरी ने पेश किया दावा, सपा प्रदेश अध्यक्ष से की मुलाकात

समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव इसरार चौधरी ने लखनऊ में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल से मुलाकात कर सहारनपुर नगर सीट से चुनाव लड़ने का दावा पेश किया। उन्होंने मुस्लिम तेली समाज के वोट बैंक और जातीय समीकरणों पर चर्चा की।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। समाजवादी पार्टी में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव इसरार चौधरी ने लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जनपद सहारनपुर के राजनीतिक और जातिगत समीकरणों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सहारनपुर नगर विधानसभा सीट से मजबूती के साथ चुनाव लड़ने का दावा पेश किया।

मुलाकात के दौरान इसरार चौधरी ने कहा कि सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम तेली समाज की संख्या काफी अधिक है और यह समाज लंबे समय से समाजवादी विचारधारा से जुड़ा रहा है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को बताया कि नगर क्षेत्र में लगभग 80 हजार वोट मुस्लिम तेली समाज के हैं, जो चुनावी परिणामों को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।

इसरार चौधरी ने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें सहारनपुर नगर सीट से चुनाव लड़ने का अवसर देता है तो वह पूरी मजबूती और संगठनात्मक क्षमता के साथ चुनाव जीतकर पार्टी की झोली में सीट डालने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं और क्षेत्र में उनका व्यापक जनसंपर्क है।

उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय और पिछड़े, अल्पसंख्यक तथा कमजोर वर्गों की आवाज उठाने वाली पार्टी रही है। सहारनपुर में भी पार्टी का मजबूत जनाधार मौजूद है, जिसे और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है।

सूत्रों के अनुसार मुलाकात के दौरान सहारनपुर जिले के राजनीतिक हालात, संगठन की स्थिति और आगामी चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसरार चौधरी ने पार्टी नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि वह समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चुनाव मैदान में उतरेंगे और पार्टी को मजबूत करेंगे।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने इसरार चौधरी की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि पार्टी संगठन सभी दावेदारों और राजनीतिक समीकरणों पर विचार कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सहारनपुर नगर सीट को लेकर पार्टी स्तर पर उचित समय पर निर्णय लिया जाएगा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए सहारनपुर की राजनीति में जातीय और सामाजिक समीकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में विभिन्न नेता अभी से अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुट गए हैं।

सहारनपुर नगर सीट पर समाजवादी पार्टी के भीतर बढ़ती सक्रियता को आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी इस मुलाकात को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य