राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर सहारनपुर में जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य विभाग ने दिलाई डेंगू रोकथाम की शपथ

सहारनपुर में राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता अभियान चलाया। “चेक, क्लीन एंड कवर” थीम के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को डेंगू रोकथाम की शपथ दिलाई गई तथा लोगों को बचाव के उपाय बताए गए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। टीबी सैनिटोरियम हॉल में आयोजित गोष्ठी में डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार के निर्देशन में किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुनाल जैन, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। गोष्ठी में डेंगू रोकथाम, साफ-सफाई और जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि डेंगू का मच्छर साफ और ठहरे हुए पानी में पनपता है। उन्होंने बताया कि डेंगू का कोई विशेष उपचार नहीं है और बचाव ही इसका सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक रविवार को अपने घरों और आसपास जमा पानी की सफाई अवश्य करें तथा ऐसे स्थानों को समाप्त करें जहां पानी जमा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम द्वारा पिछले वर्षों में संयुक्त रूप से चलाए गए अभियानों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है और जनपद में डेंगू के मामलों में काफी कमी आई है। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि इस वर्ष भी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करें ताकि सहारनपुर को डेंगू मुक्त बनाया जा सके।

इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को डेंगू रोकथाम एवं नियंत्रण की शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने लोगों से घर-घर जागरूकता फैलाने और सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की अपील की।

जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने कहा कि हर वर्ष 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम “कम्युनिटी पार्टिसिपेशन डेंगू कंट्रोल: चेक, क्लीन एंड कवर” रखी गई है। उन्होंने कहा कि इस थीम का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण पाना है।

उन्होंने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि एडिज मच्छर स्वच्छ पानी में पनपते हैं, इसलिए पानी की टंकियों, कूलरों, गमलों, फ्रिज ट्रे, पुराने टायरों और अन्य बर्तनों की सप्ताह में कम से कम एक बार सफाई करनी चाहिए। साथ ही पानी के सभी पात्रों को ढककर रखना आवश्यक है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को यह भी सलाह दी गई कि मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी, मच्छर भगाने वाली क्रीम और पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़ों का प्रयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द या कमजोरी महसूस हो तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें और डेंगू की आशंका होने पर सरकारी अस्पताल में जांच अवश्य कराएं।

अधिकारियों ने कहा कि घरों के आसपास गंदगी और कूड़ा जमा नहीं होने देना चाहिए। नालियों और गड्ढों में पानी रुकने से रोकना जरूरी है क्योंकि यही स्थान मच्छरों के पनपने का कारण बनते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि घर में कोई डेंगू या मलेरिया रोगी है तो उसे मच्छरदानी में रखें ताकि संक्रमण अन्य लोगों तक न पहुंचे।

कार्यक्रम में नगर निगम के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर इंद्रपाल और प्रमानंद, मनोज कौशिक, गौरव वर्मा, मलेरिया निरीक्षक संगीता, वीबीडी कंसल्टेंट अंजू, राजेश रोहिला, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की कि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए सतर्क रहें और विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों ने कहा कि यदि जनता और प्रशासन मिलकर कार्य करें तो डेंगू जैसी बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य