शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट/सहारनपुर। तहसील बेहट में शुक्रवार को किसान मजदूर संगठन (पूरन सिंह) के कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया। तहसील सभागार में आयोजित धरने के दौरान किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
धरना प्रदर्शन के दौरान किसानों ने किसान मसीहा और भारतीय किसान आंदोलन के प्रमुख नेता बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इस अवसर पर सभी किसानों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन धारण कर बाबा टिकैत को याद किया तथा उनके संघर्षों को नमन किया।
धरने को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि आज किसान अनेक समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन उसकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि किसान मजदूर संगठन किसानों की आवाज को मजबूती से उठाने का काम कर रहा है और जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
किसानों ने अपनी मांगों में ग्राम सुनहेटी स्थित ग्राम समाज की भूमि संख्या 49 से अवैध कब्जा हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई। संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि उक्त भूमि पर करण पुत्र रतीराम द्वारा अवैध कब्जा किया गया है, जिसे तत्काल प्रभाव से कब्जामुक्त कराया जाना चाहिए। किसानों ने प्रशासन से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
धरने में जनता रोड का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने कहा कि जिस मार्ग पर माँ शाकुंभरी विश्वविद्यालय स्थित है, वहां बड़ी संख्या में ओवरलोड डंपर दौड़ रहे हैं। कई डंपरों पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी होती और कुछ वाहन नाबालिग चालकों द्वारा चलाए जाते हैं। इससे आम जनता, राहगीरों और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना हुआ है। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि ओवरलोड डंपरों पर तत्काल रोक लगाई जाए और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।
किसानों ने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती पर भी नाराजगी जताई। वक्ताओं ने कहा कि अत्यधिक और अनियमित बिजली कटौती से ग्रामीण क्षेत्र की जनता और किसान बेहद परेशान हैं। गर्मी के मौसम में बिजली की समस्या ने लोगों का जीवन प्रभावित कर दिया है। किसानों ने विद्युत विभाग से नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
धरने के दौरान किसानों ने गन्ना भुगतान का मुद्दा भी उठाया। किसान नेताओं ने कहा कि बजाज शुगर मिल गागनौली द्वारा किसानों का भुगतान लंबे समय से लंबित है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि संबंधित गन्ना अधिकारी और शुगर मिल के जिम्मेदार अधिकारियों को धरना स्थल पर बुलाकर किसानों के बकाया भुगतान की स्थिति स्पष्ट कराई जाए और जल्द भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगा और प्रशासन को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेना होगा।
धरने में जिला अध्यक्ष ठाकुर अजब, जिला उपाध्यक्ष ठाकुर सुबोध, तहसील अध्यक्ष सागर सैनी, ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर अभिषेक राणा, ब्लॉक अध्यक्ष आलिशान, वरिष्ठ कार्यकर्ता महताब खान, अवधेश राणा, अरुण राणा, अजय राणा, डालसिंह राणा सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।








