शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्री पार्श्वनाथ सेवा संघ एवं विद्याग्रेस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जैन बाग स्थित जैन धर्मशाला में निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 45 दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ-पैर लगाकर उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की नई राह प्रदान की गई। शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ जैन समाज अध्यक्ष राजेश कुमार जैन, जैन समाज संरक्षक एवं पूर्व नगराध्यक्ष भाजपा राकेश जैन, भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, डिप्टी मेयर मयंक गर्ग, जैन समाज उपाध्यक्ष विपिन जैन और संस्था अध्यक्ष दीपक जैन एडवोकेट सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम का संचालन अमित जैन बिन्नी ने किया।
इस अवसर पर जैन समाज अध्यक्ष राजेश कुमार जैन ने कहा कि कृत्रिम अंग लगाना मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि जब कोई दिव्यांग व्यक्ति कृत्रिम हाथ या पैर की सहायता से दोबारा अपने पैरों पर खड़ा होकर सामान्य जीवन जीने लगता है तो उससे बड़ी सेवा और पुण्य का कार्य कोई नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि श्री पार्श्वनाथ सेवा संघ और विद्याग्रेस फाउंडेशन समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं और ऐसे प्रयास जरूरतमंद लोगों के जीवन में नया विश्वास पैदा करते हैं।
भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना ही वास्तविक मानव सेवा है। उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति को रोजगार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिलता है तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है। समाज को ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए।
जैन समाज संरक्षक राकेश जैन ने कहा कि जैन धर्म का मूल सिद्धांत सेवा, करुणा और अहिंसा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उन्हें सामान्य जीवन जीने योग्य बनाना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा आगे आना चाहिए।
डिप्टी मेयर मयंक गर्ग ने भी संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को नई जिंदगी देने का यह प्रयास वास्तव में प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी सेवा कार्य को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
शिविर में विशेषज्ञ टीम द्वारा दिव्यांगजनों की जांच कर उन्हें आवश्यकतानुसार कृत्रिम हाथ और पैर लगाए गए। कई लाभार्थियों ने कहा कि कृत्रिम अंग मिलने के बाद अब वे अपने दैनिक कार्य स्वयं कर सकेंगे और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ पाएंगे।
कार्यक्रम में संत जे.डी. जैन, विपिन जैन, प्रीति जैन, ममता जैन, दीपक जैन एडवोकेट, विपुल जैन, सुरभि जैन, अमित जैन, मनीष जैन, गौरव जैन, अनुज जैन, विभोर जैन, अंशुल जैन, मनोज जैन, राहुल जैन, संदीप जैन, चंद्र भैया, पार्षद गौरव जैन, मानसिंह जैन, अनिल जैन सीए, विजयलक्ष्मी जैन, मितुल जैन, शिल्पा जैन, रेनू जैन, सरिता जैन, निधि जैन, नेहा जैन, पूजा जैन, रुचिका जैन, श्वेता जैन, अंजू जैन और सुषमा जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार समाज सेवा के कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।








