सहारनपुर। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी का शिकार हुए एक युवक के खाते में 5 लाख 40 हजार रुपये वापस कराए हैं। पीड़ित ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए सहारनपुर पुलिस और साइबर क्राइम टीम का आभार व्यक्त किया है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित नोमान अहमद पुत्र फुरकान उल्ला खान निवासी चौक बाजदायान, थाना कुतुबशेर जनपद सहारनपुर ने 29 सितंबर 2025 को थाना साइबर क्राइम पहुंचकर एक लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उन्हें फर्जी स्टॉक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक धन कमाने का लालच दिया गया था।
पीड़ित ने लालच में आकर उक्त प्लेटफॉर्म पर कुल 55 लाख 72 हजार 257 रुपये निवेश कर दिए। बाद में उन्हें पता चला कि यह एक साइबर ठगी थी और उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना साइबर क्राइम सहारनपुर में मुकदमा अपराध संख्या 45/2025 धारा 318(4), 319(2) भारतीय न्याय संहिता तथा 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर एवं नोडल अधिकारी साइबर अपराध तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश सिंह के नेतृत्व में थाना साइबर क्राइम टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकिंग और तकनीकी प्रक्रियाओं का पालन किया। लगातार प्रयासों के बाद ठगी गई रकम में से 5 लाख 40 हजार रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी आजकल फर्जी निवेश योजनाओं, स्टॉक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन स्कीमों के जरिए लोगों को लालच देकर ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे मामलों में लोगों को बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक डिटेल या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश के लिए कहे तो पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।
साइबर क्राइम पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या भारत सरकार के साइबर क्राइम पोर्टल पर सूचना दें। समय पर शिकायत मिलने पर ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
धनराशि वापस कराने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश सिंह, विवेचक निरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल निशांत तथा कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सहारनपुर पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन लेनदेन करते समय सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध लिंक, फर्जी एप्लीकेशन या निवेश प्लेटफॉर्म से दूरी बनाए रखने की अपील की है।








