शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में अपराध और गौकशी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बड़गांव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ में गौकशी के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जनपदभर में अपराध नियंत्रण, गौकशी, चोरी, लूट, डकैती, अवैध नशा कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग और गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार देर रात थाना बड़गांव पुलिस टीम सर्विस रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान ग्राम शिमलाना की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें टॉर्च की रोशनी दिखाकर रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगे। भागने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। पुलिस टीम जैसे ही उनके करीब पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे मौके से घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गय्यूर पुत्र सज्जाद उर्फ सादा निवासी ग्राम सोहनचिड़ा थाना नागल जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी थाना बड़गांव में दर्ज मु0अ0सं0-79/2026 धारा 3/5/8 गौवध अधिनियम में वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गय्यूर के खिलाफ पूर्व में गौकशी, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास समेत करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।








