Saharanpur News: गागलहेड़ी में अवैध खनन गिरोह का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर में गागलहेड़ी पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अवैध खनन गिरोह के 8 आरोपी गिरफ्तार। दो डंपर, हुंडई वेन्यू कार और पांच मोबाइल फोन बरामद। एसएसपी अभिनंदन ने प्रेस वार्ता में किया खुलासा।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सहारनपुर पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने जनपद में अवैध खनन के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि थाना गागलहेड़ी पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध खनन में संलिप्त आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो डंपर, एक हुंडई वेन्यू कार तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सिटी व्योम बिंदल और एसपी देहात मयंक पाठक भी मौजूद रहे।

एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि 23 मई 2026 की रात थाना गागलहेड़ी पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध खनन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो डंपरों और एक हुंडई वेन्यू कार को संदिग्ध अवस्था में रोककर जांच की गई। जांच में पाया गया कि डंपरों में अवैध रूप से खनिज सामग्री भरी हुई थी तथा वाहन मालिकों के पास किसी प्रकार की वैध रॉयल्टी या अन्य दस्तावेज नहीं थे। डंपरों की पीछे की नंबर प्लेट गायब थी, जबकि आगे की नंबर प्लेट को भी छिपाकर रखा गया था ताकि पहचान न हो सके।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हुंडई वेन्यू कार में सवार आरोपी आगे-आगे चलकर पुलिस और खनन अधिकारियों की रेकी कर रहे थे और डंपरों को रास्ता बदल-बदलकर सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस और खनन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। मामले में थाना गागलहेड़ी पर मुकदमा अपराध संख्या 161/2025 धारा 303(2), 317(2), 61(2), 112 बीएनएस तथा 4/21 खनन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सुहेल पुत्र अलीम निवासी अंबोली थाना देवबंद, नदीम पुत्र नूरहसन निवासी बराला थाना कैराना शामली, रजत पुत्र राजीव निवासी गंदेवड़ थाना बेहट, शहजान पुत्र शादीन निवासी लौधीपुर थाना बेहट, अंशुल पुत्र राजीव निवासी कांसेपुर थाना बेहट, रजनीश पुत्र शंभू निवासी कालूवाला कुरड़ीखेड़ा थाना बिहारीगढ़, अहकाम पुत्र इकराम निवासी ककराला थाना कुतुबशेर तथा नौशाद पुत्र गुफरान निवासी पांडौली थाना नागल शामिल हैं।

पूछताछ में मुख्य आरोपी सुहेल ने पुलिस को बताया कि वह अपने गिरोह के साथ मिलकर बिना वैध प्रपत्रों के अवैध खनन सामग्री चोरी कर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचता था। उसने बताया कि गिरोह के सदस्य सरकारी अधिकारियों की लोकेशन की जानकारी जुटाकर वाहनों के रास्ते बदलते रहते थे ताकि कार्रवाई से बचा जा सके। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपनी हुंडई वेन्यू कार से अधिकारियों की रेकी कर रहा था और उसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, दो डंपर और घटना में प्रयुक्त एक हुंडई वेन्यू कार बरामद की है। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मुकदमे में धारा 112 बीएनएस की वृद्धि की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

एसएसपी अभिनंदन ने कहा कि जनपद में अवैध खनन और खनन माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य