शहरी चौपाल न्यूज
नई दिल्ली। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। पिछले 10 दिनों के भीतर यह चौथी बार है जब तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
अभी दो दिन पहले पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। वहीं सोमवार को दोबारा पेट्रोल में 2.61 रुपये और डीजल में 2.71 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। लगातार बढ़ रही कीमतों से आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दाम में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी, जबकि 19 मई को भी लगभग 90 पैसे प्रति लीटर दाम बढ़ाए गए थे। इस तरह 10 दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल करीब 5 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं।

ईंधन के साथ-साथ सीएनजी की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के अनुसार दिल्ली में सीएनजी का दाम 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। हाल के दिनों में सीएनजी की कीमतों में यह तीसरी वृद्धि है और कुल मिलाकर करीब 4 रुपये प्रति किलोग्राम तक बढ़ोतरी हो चुकी है।
विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी तनाव, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, रुपये की कमजोरी और रिफाइनिंग मार्जिन में कमी के चलते तेल कंपनियां लगातार ईंधन के दाम बढ़ा रही हैं।
महानगरों की बात करें तो मुंबई में पेट्रोल 108.49 रुपये और डीजल 95.02 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं कोलकाता में पेट्रोल 110.64 रुपये और डीजल 97.02 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। चेन्नई में पेट्रोल 105.31 रुपये और डीजल 96.98 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
देश की प्रमुख सरकारी तेल कंपनियां इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम बाजार के करीब 90 प्रतिशत हिस्से पर कब्जा रखती हैं। स्थानीय वैट और टैक्स के कारण अलग-अलग राज्यों में ईंधन की कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है।








