सहारनपुर। उत्तर प्रदेश शासन ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के सार्वजनिक अवकाश की तिथि में बदलाव करते हुए नया आदेश जारी किया है। पहले यह अवकाश 27 मई 2026, बुधवार को घोषित किया गया था, लेकिन अब चांद के दीदार के आधार पर इसे परिवर्तित कर 28 मई 2026, गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। शासन के इस निर्णय के बाद सहारनपुर सहित पूरे प्रदेश में सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में 28 मई को अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी सहारनपुर अरविन्द कुमार चौहान द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग, लखनऊ की ओर से जारी विज्ञप्ति दिनांक 26 मई 2026 के अनुसार यह संशोधन किया गया है। पूर्व में सामान्य प्रशासन अनुभाग की विज्ञप्ति संख्या 671/तीन-2025-39(2)/2016 दिनांक 17 नवम्बर 2025 के तहत वर्ष 2026 के सार्वजनिक अवकाशों की सूची जारी की गई थी, जिसमें ईद-उल-अजहा का अवकाश 27 मई को निर्धारित किया गया था। हालांकि यह स्पष्ट किया गया था कि त्योहार की तिथि चंद्र दर्शन के आधार पर परिवर्तनीय रहेगी।
शासन द्वारा जारी नए आदेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में ईद-उल-अजहा का त्योहार 28 मई 2026 को मनाया जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए 27 मई के घोषित अवकाश को संशोधित कर अब 28 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन की पूर्व अधिसूचना को इस सीमा तक संशोधित माना जाएगा और संबंधित सभी विभागों को इसकी सूचना दे दी गई है।
गौरतलब है कि ईद-उल-अजहा मुस्लिम समुदाय का प्रमुख धार्मिक पर्व है, जिसे कुर्बानी के त्योहार के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर लोग विशेष नमाज अदा करते हैं और धार्मिक परंपराओं के अनुसार कुर्बानी की रस्म निभाई जाती है। त्योहार को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन लगातार बैठकें कर रहा है।
शासन के संशोधित आदेश के बाद लोगों के बीच अवकाश की स्थिति स्पष्ट हो गई है। सरकारी कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को अब 28 मई को सार्वजनिक अवकाश का लाभ मिलेगा।








