सहारनपुर में व्यापार मंडल ने लगाया मीठा जल शिविर, पेंशन की मांग

सहारनपुर व्यापार मंडल ने शहीदी दिवस पर मीठा जल शिविर लगाया और व्यापारियों के लिए पेंशन योजना व हेल्प डेस्क की मांग उठाई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (पंजी.) महानगर इकाई द्वारा मंगलवार को शहीदी एवं समर्पण दिवस के अवसर पर रेलवे रोड स्थित व्यापार मंडल कार्यालय में मीठा जल वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों ने शहीद व्यापारी नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया। भीषण गर्मी के बीच लगाए गए इस शिविर में राहगीरों और व्यापारियों को मीठा जल वितरित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ व्यापारी नेता डी.के. गुप्ता और सुरेंद्र क्वात्रा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे और शहीद व्यापारियों के योगदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा और वरिष्ठ महामंत्री सरदार सुरेंद्र मोहन सिंह चावला ने कहा कि 26 मई व्यापार मंडल के इतिहास में बलिदान और समर्पण का प्रतीक दिवस है। उन्होंने बताया कि इसी दिन वरिष्ठ व्यापारी नेता हरीश चंद्र अग्रवाल व्यापारियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते हुए पुलिस गोलीकांड में शहीद हुए थे। उनकी शहादत के बाद ही व्यापारियों को अपने अधिकारों के प्रति नई शक्ति और सम्मान मिला।

व्यापारी नेताओं ने कहा कि हरीश चंद्र अग्रवाल का बलिदान व्यापारी समाज कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि आज व्यापारी जिस सम्मान और अधिकार के साथ व्यापार कर रहे हैं, उसमें शहीद व्यापारियों के संघर्ष की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। नेताओं ने व्यापारियों से एकजुट रहने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान भी किया।

इस अवसर पर व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने सरकार से व्यापारियों के हित में कई मांगें उठाईं। उन्होंने व्यापारियों के लिए पेंशन योजना लागू करने की मांग करते हुए कहा कि छोटे और मध्यम व्यापारी जीवनभर मेहनत करते हैं, लेकिन वृद्धावस्था में उनके लिए कोई सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था नहीं होती। ऐसे में सरकार को व्यापारियों के लिए विशेष पेंशन योजना लागू करनी चाहिए।

इसके अलावा सरकारी कार्यालयों में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने की भी मांग की गई। व्यापार मंडल पदाधिकारियों का कहना था कि इससे व्यापारियों का उत्पीड़न रुकेगा और उन्हें सरकारी प्रक्रियाओं में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को अक्सर विभिन्न विभागों में अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिसे हेल्प डेस्क व्यवस्था से कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों ने भी व्यापार मंडल की मांगों का समर्थन किया और सरकार से व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।

इस दौरान सुधीर मिगलानी, राजकुमार विज, नीरज जैन, संजय भसीन, रामराजीव सिंघल, राजीव मदान, दीपक खेड़ा, अनुभव शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य