शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत थाना गागलहेड़ी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 12 किलो 800 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थाना गागलहेड़ी प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
गुरुवार को थाना गागलहेड़ी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम माजरी से कैलाशपुर जाने वाले मार्ग पर शमशान घाट के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कामरान पुत्र गुलाम निवासी ग्राम अम्बेहटा पीर थाना नकुड़ तथा शोएब पुत्र अशरफ निवासी ग्राम इस्लामनगर थाना रामपुर मनिहारान के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 किलो 800 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हो सकते हैं और इनके नेटवर्क की फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक के आधार पर गहन जांच की जा रही है।
गागलहेड़ी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गागलहेड़ी में मु0अ0सं0 166/26 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।








