शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना चिलकाना, थाना सरसावा और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये के इनामी, टॉप-10 अपराधी और अरशद गैंग के सक्रिय सदस्य अहसान उर्फ एहसान को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया, जिसकी बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार सघन चेकिंग और गश्त अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना चिलकाना पुलिस ग्राम हरड़ाखेड़ी के पास कच्चे-पक्के रास्ते पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्राम डूमवाला की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे।
बताया गया कि बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली थाना प्रभारी चिलकाना की सरकारी गाड़ी के अगले शीशे पर लगी। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। पीछा करते हुए बदमाश बोन्सा रोड औद्योगिक क्षेत्र थाना सरसावा पहुंच गए, जहां उन्होंने आम के बाग में छिपकर फिर से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में थाना सरसावा प्रभारी तथा सर्विलांस सेल के मुख्य आरक्षी सोनू कुमार घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे और पेड़ों की आड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान अहसान उर्फ एहसान पुत्र रियासत निवासी ग्राम कपूरी थाना नकुड़ के रूप में हुई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुठभेड़ के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी चिलकाना की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मौके से पुलिस ने एक फैक्ट्री मेड कारबाइन, दो देशी पिस्टल, एक 315 बोर पोना राइफल, भारी मात्रा में जिंदा और खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की।

मृतक बदमाश अहसान जनपद सहारनपुर का कुख्यात अपराधी था और थाना नकुड़ का हिस्ट्रीशीटर भी था। उसके खिलाफ लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब ढाई दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे। वह थाना बेहट में दर्ज डकैती के मुकदमे में वांछित चल रहा था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार अहसान अरशद गैंग का सक्रिय सदस्य था और उसके तीन अन्य साथी वर्ष 2025 में एसटीएफ मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं।
पुलिस फरार बदमाश की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। वहीं घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार जारी है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसे अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा बताया है।








