सहारनपुर में आबकारी विभाग का अभियान, शराब दुकानों की सघन जांच

सहारनपुर में आबकारी विभाग ने शराब दुकानों की सघन जांच की। ओवररेटिंग, होलोग्राम और स्टॉक रजिस्टर की जांच कर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद सहारनपुर में आबकारी विभाग द्वारा शराब दुकानों की सघन जांच अभियान चलाया गया। मंगलवार सुबह से ही आबकारी विभाग की टीमों ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्थित शराब दुकानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर शराब उपलब्ध कराना, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना तथा ओवररेटिंग जैसी शिकायतों को समाप्त करना रहा।

सेक्टर-1 के आबकारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्र तथा सेक्टर-2 के आबकारी निरीक्षक राजकमल सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित देशी और विदेशी मदिरा की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दिल्ली रोड, कोर्ट रोड, खलासी लाइन, हिम्मतनगर, पुल जोगियान, बेहट रोड, मंडी समिति रोड, बड़ी नहर और अंबाला रोड स्थित दुकानों की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों पर रखे स्टॉक रजिस्टर, बिक्री अभिलेख, शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम, बारकोड तथा निर्धारित मूल्य सूची का मिलान किया। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी उपभोक्ता से निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि न वसूली जाए।

आबकारी निरीक्षक राजकमल सिंह चौहान ने दुकानों पर मौजूद सेल्समैन और प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की ओवररेटिंग या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी दुकान पर अनियमितता पाई गई तो संबंधित लाइसेंस धारक के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

जिला आबकारी अधिकारी एम.पी. सिंह ने बताया कि जनपद भर में नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। किसी भी दुकान पर गड़बड़ी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

उप आबकारी आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि पूरे सहारनपुर मंडल में विशेष जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही विभिन्न चेक पोस्टों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है ताकि बाहरी राज्यों से अवैध शराब की तस्करी को रोका जा सके।

उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग का लक्ष्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानक गुणवत्ता वाली शराब उपलब्ध कराना है। साथ ही अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।

इस विशेष जांच अभियान में प्रधान आबकारी सिपाही डोडू सिंह चौहान, प्रधान आबकारी सिपाही नईमुद्दीन, आबकारी सिपाही हरपाल, महिला आबकारी सिपाही परविंदर कौर, आबकारी सिपाही पप्पू तथा आबकारी सिपाही राजेश कुमार सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से शराब विक्रेताओं में सतर्कता देखी गई, जबकि विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य