शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने प्राथमिक विद्यालय में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए तीन इंडेन गैस सिलेंडर, एक मोटरसाइकिल, 7,500 रुपये नकद तथा तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 12 मई 2026 को प्राथमिक विद्यालय ग्राम उनाली के प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार ने थाना कुतुबशेर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 11-12 मई की रात अज्ञात चोर विद्यालय से एक इन्वर्टर, दो बैटरियां और तीन गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना कुतुबशेर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच तेज की। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गंगोह रोड स्थित उनाली पशु पैठ से लगभग 500 मीटर पहले बने खंडहर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुनैद पुत्र जिन्दा हसन, सादिक पुत्र शहजाद तथा दिलशाद पुत्र समीम निवासी मदरहलीमा कॉलोनी, मानकमऊ, थाना कुतुबशेर के रूप में हुई है।
पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने तीन इंडेन गैस सिलेंडर, मोटरसाइकिल संख्या UP11P7240, तीन अवैध चाकू तथा 7,500 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार यह नकदी चोरी किए गए इन्वर्टर और बैटरियों को बेचकर प्राप्त की गई थी।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस तथा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सादिक के खिलाफ पूर्व में भी थाना कुतुबशेर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
एसएसपी का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय चोरीकांड का त्वरित खुलासा पुलिस की सक्रियता का परिणाम है। भविष्य में भी चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक अभिषेक चौरसिया, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल अरुण, कांस्टेबल मोहित कुमार तथा कांस्टेबल आशुतोष शामिल रहे।








