शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना सरसावा क्षेत्र में हुई लाखों रुपये के आभूषणों की चोरी के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषणों को बेचकर अर्जित की गई 8 लाख 35 हजार रुपये की नकद धनराशि भी बरामद की गई है।
गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 15 अप्रैल 2026 को ग्राम कुतुबपुर निवासी राजपाल सिंह द्वारा थाना सरसावा में घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को मामले के अनावरण के लिए लगाया गया था।
प्रेस वार्ता में एसएसपी अभिनंदन सिंह के साथ पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक तथा क्षेत्राधिकारी नकुड़ रुचि गुप्ता भी मौजूद रहीं।
एसएसपी ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना सरसावा पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी हुई थी। इसी क्रम में कार्यवाहक थाना प्रभारी सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम समसपुर निवासी शोएब पुत्र शौकत अली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को समसपुर से नवादा जाने वाले मार्ग पर एक निर्माणाधीन मकान के पास से दबोचा गया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार करते हुए बताया कि करीब तीन वर्ष पहले वह ग्राम कुतुबपुर में मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का कार्य करता था। इसी दौरान उसकी पहचान राजपाल सिंह और उनके परिवार से हुई थी तथा घर पर उसका आना-जाना भी था। इसी दौरान उसे घर में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की जानकारी मिली थी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि जब उसे पता चला कि परिवार के अधिकांश सदस्य रिश्तेदारी में गए हुए हैं और घर पर केवल बुजुर्ग सदस्य मौजूद हैं, तब उसने मौके का फायदा उठाकर घर में रखे संदूक से आभूषण चोरी कर लिए। चोरी के बाद उसने संदूक में रखा अन्य सामान यथावत छोड़ दिया ताकि किसी को तुरंत चोरी का पता न चल सके।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी चोरी किए गए आभूषणों को अलग-अलग स्थानों पर अज्ञात लोगों को बेचता रहा। उससे प्राप्त रकम का कुछ हिस्सा उसने खर्च कर दिया जबकि शेष धनराशि अपने पास छिपाकर रखी हुई थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 8 लाख 35 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं।
उन्होंने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने खुलासा करने वाली थाना सरसावा पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार इस सफल कार्रवाई में कार्यवाहक थाना प्रभारी सुबोध कुमार, उपनिरीक्षक नेहा उपाध्याय, उपनिरीक्षक देवकरण शर्मा, उपनिरीक्षक सौरभ यादव सहित थाना सरसावा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चोरी की इस वारदात के खुलासे के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।








