शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर की कार्यकारिणी समिति के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आगामी चुनाव में कार्यकारिणी समिति के छह सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है, जिसके चलते विभिन्न पार्षद समूहों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में काम करने वाले पार्षद दल ने कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ पार्षद मंसूर बदर के नेतृत्व में वार्ड-70 के पार्षद महमूद हसन को कार्यकारिणी समिति सदस्य पद का चुनाव लड़ाने का औपचारिक ऐलान कर दिया है।
इस संबंध में आयोजित पार्षदों की बैठक में कई पार्षदों ने महमूद हसन के समर्थन में अपने विचार व्यक्त किए और उन्हें एक मजबूत उम्मीदवार बताया। बैठक के दौरान पार्षदों द्वारा समर्थन पत्र भी सौंपे गए तथा चुनाव में पूरी मजबूती के साथ उतरने का संकल्प लिया गया।
बैठक में पार्षद समीर अंसारी और पार्षद इजहार मंसूरी ने कहा कि कार्यकारिणी समिति में ऐसे प्रतिनिधि की आवश्यकता है जो नगर निगम की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से रख सके। उन्होंने कहा कि महमूद हसन एक सक्रिय और जनहित के मुद्दों पर कार्य करने वाले पार्षद हैं, इसलिए उन्हें चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया गया है।
पार्षद रईस पप्पू, डॉ. मंसूर तथा पार्षद मेनपाल ने कहा कि महमूद हसन की पहचान एक साफ-सुथरी छवि वाले जनप्रतिनिधि के रूप में है। उन्होंने अपने वार्ड में विकास कार्यों के साथ-साथ नगरहित के मुद्दों को भी लगातार उठाया है। ऐसे में कार्यकारिणी समिति में उनकी मौजूदगी निगम के कार्यों को और प्रभावी बनाएगी।
पार्षद सईद सिद्दीकी, आसिफ अंसारी, गुलजेब खान तथा जफर अंसारी ने कहा कि सभी समर्थक पार्षद एकजुट होकर महमूद हसन को चुनाव लड़ाएंगे और उन्हें विजय दिलाने के लिए पूरा प्रयास करेंगे। उनका कहना था कि यह चुनाव केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि नगर निगम में सक्रिय और विकासोन्मुखी सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
बैठक के अंत में पार्षद एडवोकेट जावेद तथा कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर ने सभी पार्षदों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी समिति नगर निगम की महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली संस्था है और इसमें योग्य प्रतिनिधित्व आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पार्षदों के सहयोग और समर्थन से महमूद हसन मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे तथा नगर निगम में जनता की आवाज को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
नगर निगम की कार्यकारिणी समिति के चुनाव को लेकर शुरू हुई यह सक्रियता आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार कार्यकारिणी चुनाव में कई नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं, जिससे नगर निगम की राजनीति में नई हलचल पैदा होने के संकेत मिल रहे हैं।








