शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हिंदू जागरण मंच जिला एवं महानगर सहारनपुर द्वारा विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस को समर्पित रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और हरित विकास का संकल्प लेते हुए बेलपत्र के पौधों का रोपण किया।
बाग शिवाला स्थित गोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान “एक पेड़ मां के नाम” और “एक पेड़ राष्ट्र के नाम” अभियान को आगे बढ़ाते हुए पौधारोपण किया। साथ ही रोपे गए पौधों की अगले पांच वर्षों तक देखभाल और संरक्षण करने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित हिंदू जागरण मंच पश्चिम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने कार्यकर्ताओं को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल सामाजिक दायित्व नहीं बल्कि मानव अस्तित्व से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। बढ़ते प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह दिन इसलिए भी विशेष महत्व रखता है क्योंकि इसी दिन गोरक्षपीठ के वर्तमान पीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस भी है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पीठाधीश्वर अमित जी के निर्देशन में पौधों का विधि-विधान से पूजन किया गया। इस अवसर पर बेलपत्र के धार्मिक, आध्यात्मिक और औषधीय महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बताया कि बेलपत्र का पौधा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि पर्यावरण शुद्धि और औषधीय गुणों के कारण भी अत्यंत उपयोगी माना जाता है।
हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष मांगेराम त्यागी एवं महानगर अध्यक्ष रामदीप बंसल ने कहा कि संगठन द्वारा समय-समय पर सामाजिक और पर्यावरणीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर जनजागरण अभियान जारी रहेगा।
कार्यक्रम में भानू प्रताप सिंह, देवेंद्र सिंह, घनश्याम, परमानंद, अनिल कुमार तोमर, शिवम शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन हरित और स्वच्छ भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।








