शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर निगम ने मंगलवार को चिलकाना रोड स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा और प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने गोदाम से भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक से निर्मित गिलास बरामद किए। कार्रवाई के दौरान गोदाम मालिक पर 40 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
नगर निगम को सूचना मिली थी कि चिलकाना रोड क्षेत्र के एक गोदाम में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का भंडारण किया जा रहा है। शिकायत मिलने पर नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक गिलास पाए गए।
नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी प्रतिबंधित प्लास्टिक गिलास जब्त कर लिए। बरामद सामग्री को निगम के वाहनों के माध्यम से नगर निगम परिसर लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त शहर अभियान के तहत इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह ने बताया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर शासन द्वारा रोक लगाई गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गोदाम संचालक से 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अवर अभियंता संजय कुमार, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच.बी. गुरुंग, सफाई निरीक्षक आशीष धौलाखंडी, राजेश कुमार, नीरज कर्णवाल, अमित कुमार तथा प्रवर्तन दल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर निगम ने व्यापारियों और नागरिकों से प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों का उपयोग बंद करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सघन जांच अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।








