शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनकपुरी स्थित कृषि विभाग के भवन पर करीब 31 वर्षों से संचालित हो रहा बहुजन समाज पार्टी का जिला कार्यालय गुरुवार को औपचारिक रूप से खाली कर दिया गया। भवन का कब्जा वापस मिलने के बाद जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार ने मौके पर पहुंचकर भवन का निरीक्षण किया और विभाग की ओर से औपचारिक रूप से कब्जा ग्रहण किया।
इस घटनाक्रम के साथ ही तीन दशक से अधिक समय से चली आ रही एक प्रशासनिक प्रक्रिया का शांतिपूर्ण ढंग से समापन हो गया। भवन हस्तांतरण के दौरान बसपा जिलाध्यक्ष रजनीश बंधु तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने भवन की चाबी कृषि विभाग को सौंप दी।
जानकारी के अनुसार वर्ष 1995 में कृषि विभाग ने जनकपुरी स्थित अपने भवन को बहुजन समाज पार्टी को पांच वर्ष की लीज पर उपलब्ध कराया था। लीज अवधि समाप्त होने के बाद भी पार्टी का कार्यालय वहीं संचालित होता रहा। वर्ष 2002 में लीज का नवीनीकरण किया गया, लेकिन इस बार समझौते में कोई निश्चित समय सीमा निर्धारित नहीं की गई थी। हालांकि दस्तावेजों में यह स्पष्ट उल्लेख किया गया था कि विभागीय आवश्यकता होने पर भवन कृषि विभाग को वापस सौंपना होगा।
गत वर्ष कृषि विभाग ने अपने बढ़ते प्रशासनिक कार्यों और विभागीय आवश्यकताओं को देखते हुए भवन को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की थी। विभाग की ओर से बसपा को भवन खाली करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों ने अपना नया जिला कार्यालय तैयार होने तक कुछ समय की मांग की थी।
बसपा नेताओं ने विभाग को बताया था कि मल्हीपुर रोड पर पार्टी का नया जिला कार्यालय निर्माणाधीन है और भवन तैयार होते ही पुराना कार्यालय खाली कर दिया जाएगा। कृषि विभाग ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए कुछ समय की मोहलत दी थी।
अब मल्हीपुर रोड स्थित नया कार्यालय तैयार होने के बाद बसपा ने जनकपुरी स्थित भवन को खाली कर दिया है। गुरुवार को बसपा जिलाध्यक्ष रजनीश बंधु और पार्टी कोऑर्डिनेटर जनेश्वर प्रसाद ने भवन की चाबी जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार को सौंपते हुए औपचारिक हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी की।
जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार ने बताया कि विभाग को लंबे समय बाद अपना भवन वापस मिला है, जिससे विभागीय कार्यों के संचालन में काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विभाग का बीज भंडार बलियाखेड़ी ब्लॉक क्षेत्र में संचालित हो रहा है। भविष्य में इस भवन का उपयोग बीज भंडारण, कृषि योजनाओं के संचालन और किसानों से संबंधित विभिन्न विभागीय गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भवन उपलब्ध होने से किसानों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का संचालन अधिक व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा।
वहीं बसपा जिलाध्यक्ष रजनीश बंधु ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो मायावती के स्पष्ट निर्देश हैं कि संगठन किसी भी सरकारी या अन्य संस्था की संपत्ति पर अनावश्यक कब्जा न रखे। उन्होंने कहा कि पार्टी का अपना नया जिला कार्यालय तैयार हो चुका है, इसलिए जनकपुरी स्थित भवन कृषि विभाग को सौंप दिया गया है।
करीब तीन दशक बाद भवन वापस मिलने को कृषि विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इससे विभागीय संसाधनों को मजबूत करने और किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।








