Moharram 2026 Saharanpur: डीएम अरविंद कुमार चौहान ने शांति समिति बैठक में दिए निर्देश, परंपरागत ढंग से मनाएं मोहर्रम

सहारनपुर में मोहर्रम 2026 की तैयारियों को लेकर डीएम अरविंद कुमार चौहान ने शांति समिति की बैठक की। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और आयोजकों से परंपरागत एवं शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शुक्रवार को कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न समुदायों के संभ्रांत नागरिकों, मोहर्रम आयोजकों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में मोहर्रम के दौरान शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि सहारनपुर जनपद हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक रहा है। मोहर्रम का पर्व भी इसी भावना के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए तथा अलम और ताजिए केवल निर्धारित एवं परंपरागत मार्गों से ही निकाले जाएं।

उन्होंने आयोजकों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार की समस्या, विवाद या असुविधा है तो उसकी जानकारी समय रहते प्रशासन और पुलिस को दें, ताकि उसका उचित समाधान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि धर्म आस्था का विषय है और सभी को शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने का संदेश देना चाहिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। नगर निगम, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों को जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। वहीं विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि जुलूस मार्गों पर बिजली के तारों और खंभों की जांच कर ली जाए तथा अलम की ऊंचाई के अनुसार आवश्यक सुधार कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

मुख्य चिकित्साधिकारी को मोहर्रम जुलूस मार्गों पर एम्बुलेंस और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जुलूस मार्गों पर कहीं भी गड्ढे, जलभराव या अन्य अवरोध नहीं होने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को पूर्व तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जुलूस मार्गों का निरीक्षण करें तथा स्थानीय आयोजकों के साथ समन्वय बनाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति कोई भी जुलूस नहीं निकाला जाएगा और सभी आयोजनों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप ही किया जाए।

जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया को लेकर भी सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट से बचें और यदि ऐसी कोई सामग्री सामने आती है तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें। प्रशासन सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखेगा।

बैठक में आयोजकों और शांति समिति के सदस्यों ने जिला प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे शासन एवं प्रशासन के निर्देशों का पूर्ण पालन करेंगे तथा मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करेंगे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी देहात मयंक पाठक, एसपी यातायात शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन राजेश जैन, सरफराज खान, महेंद्र कुमार तनेजा, ब्रिट चावला, आमिर खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

 

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य