मोहर्रम 2026: सहारनपुर में डीएम ने शांति समिति संग की बैठक, अधिकारियों को दिए व्यापक दिशा-निर्देश

सहारनपुर में मोहर्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने शांति समिति, आयोजकों और अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने साफ-सफाई, बिजली, सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं परंपरागत तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित शांति समिति की बैठक में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने अधिकारियों, आयोजकों एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सहारनपुर की पहचान आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी संस्कृति से रही है। सभी समुदायों के सहयोग से मोहर्रम का पर्व परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कोई विवाद या समस्या हो तो उसे समय रहते प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए, ताकि उसका समाधान कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ताजिया एवं अलम केवल निर्धारित और पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएं। अलम की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए तथा जुलूसों के दौरान किसी प्रकार के राजनीतिक संदेश या गतिविधियों से बचा जाए। उन्होंने आयोजकों से धार्मिक आयोजनों को शांति, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला बनाने का आह्वान किया।

बैठक में नगर निगम, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों को जुलूस मार्गों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने तथा जलभराव एवं गड्ढों की समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर बिजली के तारों एवं अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के लिए कहा गया, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जुलूस मार्गों पर एम्बुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए कहा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना अनुमति कोई नया जुलूस या नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्टों से बचने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल प्रशासन को जानकारी दें।

बैठक में मौजूद आयोजकों और शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए शासन और प्रशासन के सभी निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी देहात मयंक पाठक, एसपी यातायात शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, पूर्व विधायक सुरेन्द्र कपिल, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन राजेश जैन, सरफराज खान, महेंद्र कुमार तनेजा, ब्रिट चावला, आमिर खान सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य