शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यह अवधि केवल सरकार के कार्यकाल का नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण की नई कार्यसंस्कृति का प्रतीक है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया था, जिसे 2019 और 2024 में और अधिक मजबूती मिली। लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार का गठन इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता अब केवल घोषणाओं पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों पर विश्वास करती है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को व्यवहार में उतारा है। सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा है। इसी सोच के तहत जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया गया।
सुनील शर्मा ने बताया कि जनधन योजना के अंतर्गत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों के खातों में पहुंचाया गया, जिससे पारदर्शिता बढ़ी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभाव से करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को पक्के घर मिले हैं। उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई, जबकि आयुष्मान भारत योजना गरीब परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा कवच साबित हुई। कोरोना महामारी के दौरान केंद्र सरकार द्वारा करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराकर मानवता और संवेदनशीलता का परिचय दिया गया।
किसानों के हितों को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी जा रही है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के जरिए सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराया गया है, जबकि सिंचाई योजनाओं ने कृषि उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
महिला सशक्तिकरण पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि लखपति दीदी, सुकन्या समृद्धि योजना और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है। आज महिलाएं देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और सुरक्षा बलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, ग्रामीण सड़कों का निर्माण, रेलवे का आधुनिकीकरण, वंदे भारत ट्रेनों का संचालन और अमृत भारत स्टेशन योजना जैसी परियोजनाएं देश को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि देश में हवाई अड्डों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और उड़ान योजना के माध्यम से आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा सुलभ बनी है।
डिजिटल इंडिया अभियान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भारतनेट परियोजना के माध्यम से लाखों ग्राम पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ा गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार हुआ है और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय में उन्होंने कहा कि आज भारत की सीमाएं पहले से अधिक सुरक्षित हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाइयों ने दुनिया को नए भारत की शक्ति का परिचय कराया है। आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की नीति प्रभावी साबित हुई है तथा सुरक्षा एजेंसियों को आधुनिक संसाधनों से सशक्त किया गया है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार ने विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी नई पहचान दी है। कर्तव्य पथ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नया संसद भवन, पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसी पहलें भारत की सांस्कृतिक चेतना को मजबूत कर रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जी-20 की सफल अध्यक्षता, बढ़ते विदेशी निवेश और विभिन्न देशों के साथ हुए समझौतों ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। योग, आयुर्वेद और भारतीय संस्कृति की स्वीकार्यता पूरी दुनिया में बढ़ी है।
प्रेस वार्ता में महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेंद्र निम, विधायक मुकेश चौधरी, विधायक कीरत सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, एसपी सिटी व्योम बिंदल, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक नरेश सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अंत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ते कदमों की प्रेरणादायक यात्रा हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भारत वैश्विक नेतृत्व की भूमिका में और अधिक मजबूती के साथ उभरेगा।








