शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में शनिवार को दिल्ली रोड स्थित पैरामाउंट ट्यूलिप में योग जागरूकता श्रृंखला का भव्य शुभारंभ किया गया। पद्मश्री योग गुरु भारत भूषण के सानिध्य में आयोजित योग शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं ईश वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुंबर, महापौर डॉ. अजय सिंह तथा सोसाइटी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष के.एल. अरोड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर बल दिया।
पद्मश्री योग गुरु भारत भूषण ने शिविर में उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं और बच्चों से भी नियमित रूप से योग अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ भारत का निर्माण स्वस्थ नागरिकों से ही संभव है।
सोसाइटी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष के.एल. अरोड़ा ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ती तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच योग सबसे प्रभावी समाधान बनकर उभरा है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है तथा व्यक्ति को निरोग और ऊर्जावान बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया भारत की इस प्राचीन विद्या को अपना रही है।
नगर विधायक राजीव गुंबर और महापौर डॉ. अजय सिंह ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और व्यक्ति लंबे समय तक स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने योग के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी योग के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव संदीप गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, महानगर अध्यक्ष अजय अत्री, महासचिव अरुण सूरी, कोषाध्यक्ष अरुण प्रकाश शर्मा, हरीश आहूजा, आर.पी. शर्मा, संदीप गोयल, रविंद्र मिगलानी, शिव राम शर्मा, सिताब सिंह छोकर, मदन सिंह, रमेश सैनी, बलराम अहलूवालिया, पूजा मलिक, नीरू सिंह, सुषमा रामपाल, डॉ. सत्य प्रकाश सैनी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक शहर के विभिन्न स्थानों पर योग जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योग के प्रति प्रेरित किया जा सके और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दिया जा सके।








