शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र में कोठरी और धौला कुआं के बीच शुक्रवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक मासूम बच्ची सहित परिवार के चार सदस्य काल का ग्रास बन गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मिर्जापुर क्षेत्र के ग्राम मलकपुर निवासी लविश कुमार अपनी मां, बहन और बेटी को लेकर बाइक से अपनी ससुराल क्षेत्र से वापस गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे कोठरी-धौला कुआं मार्ग पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तत्काल परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को जिला चिकित्सालय लेकर गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान लविश पुत्र जयपाल (28 वर्ष), उनकी माता श्रीमती दुलारी (55 वर्ष), बहन संजना उर्फ तन्नू (19 वर्ष) तथा पुत्री रूही (4 वर्ष) निवासी ग्राम मलकपुर, थाना मिर्जापुर के रूप में हुई है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की








