नशामुक्ति का संकल्प लेकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का मान, 184 खिलाड़ियों का सम्मान

सहारनपुर में रालोद खेल प्रकोष्ठ के सम्मान समारोह में 184 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। चौधरी नीरपाल सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहकर देश के लिए खेलने का आह्वान किया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर, । राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ द्वारा दिल्ली रोड स्थित होटल के आर प्लाजा में आयोजित  भव्य सम्मान समारोह में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का फूल बरसाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने नशे से दूर रहने तथा खेलों के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह में खेल, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला।

कार्यक्रम के संयोजक, राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा दो रास्तों के बीच खड़ा है, एक ओर नशे और भटकाव का रास्ता है तो दूसरी ओर खेल, शिक्षा और सफलता का मार्ग है। युवाओं को सही दिशा चुननी होगी।

उन्होंने कहा कि नशा युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और भविष्य को बर्बाद कर देता है, जबकि खेल उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश लेकर जाएं। चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं होतीं, बल्कि पूरे देश, प्रदेश और समाज का गौरव होती हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का सपना है कि किसानों और ग्रामीण परिवारों के बच्चे खेलों के माध्यम से अपनी पहचान बनाएं। गांव-गांव से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हों और हर घर में एक मेडल विजेता खिलाड़ी हो। इसी उद्देश्य से रालोद खेल प्रकोष्ठ लगातार खिलाड़ियों को मंच, सम्मान और प्रोत्साहन देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारों को भी खेल सुविधाओं का विस्तार करना चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

समारोह में उपस्थित खिलाड़ियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे जीवनभर नशे से दूर रहेंगे और अपने खेल कौशल के माध्यम से देश का नाम रोशन करेंगे। खिलाड़ियों ने कहा कि खेल उन्हें राष्ट्र सेवा का अवसर प्रदान करते हैं और वे अपनी अंतिम सांस तक देश के सम्मान के लिए संघर्ष करते रहेंगे।

कार्यक्रम में अर्जुन अवार्डी सुनील राणा, टीम इंडिया के कोच जितेंद्र राणा, एशिया चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता उत्तम राणा, एशियाई पदक विजेता मनोज खोखर, नवीन बालियान, वुशु वर्ल्ड चैंपियन उचित शर्मा, पैरालंपिक रजत पदक विजेता निखिल कुमार, कॉमनवेल्थ गेम्स पदक विजेता राजीव मुंडेलवाल, जू-जित्सू खिलाड़ी विश्वदीप कौशिक, मोहम्मद असाद सहित लगभग 184 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक तोमर, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संजीव आर्य, विजय कौशिक, योगेश प्रताप सिंह, सतवीर घिस्सा, क्षेत्रीय अध्यक्ष शारिक चौधरी, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रेयान त्यागी, प्रदेश महासचिव अरविंद पंवार, जिलाध्यक्ष संजीव चौधरी, रिंकू सोनकर, अनुभव निर्वाल, प्रताप लोहिया, विनोद प्रधान, महानगर अध्यक्ष अरविंद मलिक सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रालोद जिलाध्यक्ष शाहजमां खान ने की। समारोह में खिलाड़ियों के सम्मान के साथ-साथ युवाओं को नशामुक्त और खेलों के प्रति जागरूक बनाने का संदेश भी दिया गया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य