नानौता में मेधावी छात्रों का सम्मान, 17वीं बार आयोजित समारोह

नानौता में इमामिया एजुकेशनल सोसायटी ने 17वें प्रतिभा सम्मान समारोह में हाईस्कूल और इंटर के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

नानौता (सहारनपुर), ।  शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इमामिया एजुकेशनल सोसायटी द्वारा रविवार को मोहल्ला छत्ता स्थित कसरे ज़ेहरा प्राइमरी स्कूल में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नगर के विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें ब्राइट होम पब्लिक स्कूल, ग्रीन फील्ड एकेडमी, चंद्रसेन कॉन्वेंट एकेडमी, किसान सेवक इंटर कॉलेज सहित अन्य स्कूलों और कॉलेजों के टॉपर्स शामिल रहे। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी और उनके अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम आयोजक इंजीनियर सैय्यद मोहम्मद मेहदी ने बताया कि इमामिया एजुकेशनल सोसायटी पिछले 17 वर्षों से लगातार इस सम्मान समारोह का आयोजन करती आ रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना तथा समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जब प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सार्वजनिक मंच पर सम्मान मिलता है तो अन्य छात्रों को भी आगे बढ़ने और मेहनत करने की प्रेरणा मिलती है।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त जीएसटी कमिश्नर अमीर अहमद ज़ैदी, इंजीनियर क़मर हैदर तथा पूर्व पुलिस क्षेत्राधिकारी शाहनवाज़ हुसैन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अपने संबोधन में पूर्व पुलिस क्षेत्राधिकारी शाहनवाज़ हुसैन ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के माध्यम से ही जीवन में बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि स्कूल, कॉलेज या ट्यूशन जाते समय कोई असामाजिक तत्व उन्हें परेशान करता है तो वे तुरंत महिला हेल्पलाइन अथवा पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर भी विचार व्यक्त किए गए। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति का आधार शिक्षा है और शिक्षित युवा ही देश एवं समाज को नई दिशा दे सकते हैं। इसलिए अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

प्रतिभा सम्मान समारोह का सफल संचालन एवं आयोजन इंजीनियर सैय्यद मोहम्मद मेहदी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर मौलाना सैय्यद अली हैदर आब्दी, मौलाना तनवीर आलम, मेहमूद अली, उरुज अब्बास, प्रोफेसर समर मेहदी, दरोगा जाफर अब्बास, पूर्व सभासद दौलत अली, डॉ. अयान अख्तर, गुलाम अब्बास फ़ज़ल, ज़फर मेहदी, मौलाना अहसान अली, रेहान हैदर, रहमत अली, कादिर अली, सालिक रज़ा सहित नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में मेधावी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने इमामिया एजुकेशनल सोसायटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लगातार 17 वर्षों से आयोजित हो रहा यह सम्मान समारोह नानौता क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास माना जा रहा है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य