शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। गांधी पार्क स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में सोमवार को चार दिवसीय प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, खेल भवन लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 13 मंडलों से 76 बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
उद्घाटन अवसर पर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपने जिले, प्रदेश तथा देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है तथा खेल कोटे के माध्यम से खिलाड़ियों को राजपत्रित अधिकारी जैसे प्रतिष्ठित पदों पर भी अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता 15 से 18 जून तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न भार वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। 40-43 किलोग्राम भार वर्ग में लखनऊ मंडल की अनिका गोयल और अलीगढ़ मंडल की हादिया तारिक के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें हादिया तारिक ने दूसरे राउंड में जीत दर्ज की। वहीं 43-46 किलोग्राम भार वर्ग में मेरठ मंडल की दिया और देवीपाटन मंडल की वर्चा सुप्ता के बीच हुए मुकाबले में वर्चा सुप्ता ने 4-1 से विजय प्राप्त की।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय दिया। आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षक, तकनीकी अधिकारी और खेल प्रेमी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मुकाबलों के सफल संचालन एवं निष्पक्ष निर्णय के लिए निर्णायक मंडल में सोमप्रकाश शर्मा (अलीगढ़), पवन कुमार (वाराणसी), संजय गुप्ता (कानपुर), मनीष हजरिया (कानपुर), रॉबिन सिंह (मेरठ), अंकित गुप्ता (प्रयागराज), राजबहादुर (आगरा), विवेक ढाका (बागपत), कंचन भारती (कानपुर), कविता (मुरादाबाद), सोनम (गौतमबुद्धनगर) तथा ननिका लिम्बू (वाराणसी) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर सहायक प्रशिक्षक प्रवीण कुमार, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष अमित जैन, सचिव रितु देवी, लाल धर्मेंद्र प्रताप, जयेन्द्र, आदेश, सन्नी, प्रीति, पुनीत आर्य, प्रियंका, रुपेश, आकाश, गौरव, सुप्रिया, कनिष्ठ सहायक पुष्पपाल सिंह चौहान, शिवनंदन, अश्वनी श्रीवास्तव, तबरेज अहमद, अंकुश प्रजापति सहित अनेक खेल अधिकारी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन लाल धर्मेंद्र प्रताप ने किया। प्रतियोगिता के आगामी दिनों में प्रदेश की उभरती महिला मुक्केबाजों के बीच कई रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले होने की उम्मीद है, जिससे प्रदेश में महिला खेल प्रतिभाओं को नया मंच और पहचान मिलेगी।








