प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता में दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले, खिलाड़ियों ने दिखाया दम

सहारनपुर के डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न भार वर्गों में रोमांचक मुकाबले हुए। 13 मंडलों की 76 बालिका खिलाड़ी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही हैं।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न मंडलों से आई बालिका मुक्केबाजों ने अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय देते हुए जीत के लिए जोरदार संघर्ष किया।

खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, खेल भवन लखनऊ तथा उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में क्षेत्रीय खेल कार्यालय सहारनपुर द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के 13 मंडलों से कुल 76 बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करना है।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री एवं जिला ओलंपिक संघ सहारनपुर के अध्यक्ष संजय गर्ग रहे। उनका स्वागत क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। वहीं विशिष्ट अतिथि जिला ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. संदीप गुप्ता का स्वागत सहायक प्रशिक्षक प्रवीन कुमार ने किया। एथलेटिक्स प्रशिक्षक लाल धर्मेन्द्र प्रताप द्वारा मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि संजय गर्ग ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, संघर्ष और आत्मविश्वास का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को हार और जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा ने प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि 30-33 किलोग्राम भार वर्ग में गोरखपुर मंडल की अनामिका कुशवाहा ने चित्रकूट की हिमांशी को दूसरे राउंड में पराजित किया। 33-35 किलोग्राम वर्ग में झांसी मंडल की माहिका ने चित्रकूट की अंजली को हराया। 35-37 किलोग्राम भार वर्ग में कानपुर की दीपा शुक्ला ने झांसी मंडल की श्रद्धा साहू को दूसरे राउंड में मात दी।

इसी प्रकार चौथे मुकाबले में वाराणसी की शान्वी यादव ने चित्रकूट की सुधा को दूसरे राउंड में हराया। 37-40 किलोग्राम भार वर्ग में प्रयागराज की अमृता पाल ने गोरखपुर की आयुषी चौबे को तीसरे राउंड में पराजित कर जीत दर्ज की। 43-46 किलोग्राम वर्ग में वाराणसी की संध्या यादव ने मुरादाबाद की अराध्या को हराया। वहीं इसी वर्ग के एक अन्य मुकाबले में झांसी मंडल की आतिका ने सहारनपुर की स्वातिक जोशी को दूसरे राउंड में पराजित किया।

प्रतियोगिता में निर्णायकों की भूमिका सोमप्रकाश शर्मा, पवन कुमार, संजय गुप्ता, मनीष हजरिया, रॉबिन सिंह, अंकित गुप्ता, राजबहादुर, विवेक ढाका, कंचन भारती, कविता, सोनम और ननिका लिम्बू ने निभाई।

इस अवसर पर जिला बॉक्सिंग संघ की सचिव रितु देवी, प्रवीन कुमार, लाल धर्मेन्द्र प्रताप, जयेन्द्र, आदेश, सन्नी, पुनीत आर्य, प्रीति, प्रियंका, रूपेश, आकाश, गौरव, सुप्रिया, पुष्पपाल सिंह चौहान, शिवनंदन, अश्वनी श्रीवास्तव, तबरेज अहमद, अंकुश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर की प्रतिभाशाली बालिका मुक्केबाज अपने कौशल का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य