Saharanpur News: कंपनी बाग में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां प्रदर्शित

सहारनपुर के कंपनी बाग में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। राज्य मंत्री जसवंत सैनी ने फीता काटकर उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में जनकल्याणकारी योजनाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर, महिला सशक्तिकरण और विकसित उत्तर प्रदेश-2047 की झलक दिखाई गई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर, । केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सहारनपुर के ऐतिहासिक कंपनी बाग में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में फीता काटकर किया।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस भव्य प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी में युवा, महिला एवं गरीब कल्याण को समर्पित योजनाओं के साथ-साथ प्रदेश में विकसित हो रहे आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास, निवेश, रोजगार, सुरक्षा व्यवस्था तथा विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के विजन को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 12 वर्षों में विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन योजना, किसान सम्मान निधि, हर घर जल, उज्ज्वला योजना तथा स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है।

नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि प्रदर्शनी में सरकार की विभिन्न योजनाओं को सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया है। मिशन शक्ति, महिला सुरक्षा, स्वच्छता अभियान, उज्ज्वला योजना, डिजिटल सेवाएं और सुशासन के मॉडल को देखकर आमजन सरकार की उपलब्धियों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।

महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। अयोध्या धाम, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकुंभ जैसे परियोजनाओं ने प्रदेश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में राष्ट्र नायकों को समर्पित प्रेरणादायी स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों को भी प्रदर्शित किया गया है।

जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रदर्शनी में “यूपी ने करके दिखाया” थीम के अंतर्गत किसान कल्याण, एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, मेट्रो परियोजनाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, निवेश, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत और विकसित उत्तर प्रदेश-2047 की परिकल्पना को दर्शाया गया है। इसके अलावा सहारनपुर जिले के विकास कार्यों, स्मार्ट सिटी अवधारणा, शिक्षा, संस्कृति और बुनियादी सुविधाओं में हुए सुधार को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी परिसर में बनाए गए “प्रगति के पथ पर 12 वर्ष” सेल्फी प्वाइंट ने लोगों का विशेष आकर्षण केंद्र बनाया। उद्घाटन के बाद सभी अतिथियों ने यहां सेल्फी लेकर इस अवसर को यादगार बनाया। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं और विकास परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

तीन दिनों तक चलने वाली यह प्रदर्शनी आमजन के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। प्रशासन को उम्मीद है कि इस आयोजन के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त होगी तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिक विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य