शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बुधवार को सहारनपुर के एसबीडी जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्यए सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविएधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का दौरा कर मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। सांसद ने अस्पताल प्रशासन को स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद इमरान मसूद ने ओपीडी, इमरजेंसी, ट्रॉमा सेंटर, आईसीयू सहित विभिन्न वार्डों का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों तथा उनके तीमारदारों से मुलाकात कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता और जांच सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कई मरीजों ने उन्हें कुछ आवश्यक दवाओं की अनुपलब्धता तथा पैथोलॉजी और अन्य मेडिकल जांचों में आने वाली कठिनाइयों से अवगत कराया।
मरीजों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने मौके पर ही मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) से वार्ता की और समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में यदि नेप्रोक्सीन जैसी सामान्य और जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं हैं तो सप्लाई चेन व्यवस्था की समीक्षा कर उसे मजबूत बनाया जाना चाहिए, ताकि मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े।
सांसद इमरान मसूद ने अस्पताल में कुछ सेवाओं के बदले धनराशि मांगने संबंधी शिकायतों पर भी चिंता जताई। उन्होंने सीएमएस से कहा कि ऐसी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि अस्पताल में स्पष्ट रूप से सूचना बोर्ड लगाए जाएं, जिन पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और संबंधित अधिकारियों के संपर्क विवरण अंकित हों, ताकि मरीज सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने जिला अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ (कार्डियोलॉजिस्ट) की अनुपलब्धता पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इतने बड़े जनपद में हृदय रोग विशेषज्ञ का न होना गंभीर विषय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस संबंध में शासन स्तर पर वार्ता कर जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने अस्पताल में आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की संविदा नियुक्ति के विकल्प पर भी चर्चा की।
इमरान मसूद ने अस्पताल परिसर में ट्रॉमा सेंटर के बाहर मरीजों के परिजनों के बैठने की अपर्याप्त व्यवस्था को देखते हुए सांसद निधि से शेड निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले अधिकांश मरीज आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से होते हैं और उनके परिजनों को भी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना केवल प्रशासन की नहीं बल्कि जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में रोजाना हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं और उन्हें गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े सिस्टम में कुछ कमियां होना स्वाभाविक है, लेकिन उन कमियों को दूर करने के लिए सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
सांसद ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में कार्य करना ही जनप्रतिनिधियों का वास्तविक दायित्व है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, एमएलसी शाहनवाज खान, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, पूर्व चेयरमैन चौधरी इरशाद, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, सांसद प्रतिनिधि संदीप वर्मा, इसरार प्रमुख, डॉ. रागिब अंजुम, जिला पंचायत सदस्य सुदेश चौधरी, डॉ. अमीर अहमद, गुलबहार अब्बासी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








