शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सोशल मीडिया क्रिएटर्स, युवा खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से आयोजित सहारनपुर क्रिएटर प्रीमियर लीग (सीपीएल)-2026 के दूसरे दिन आज क्रिकेट प्रेमियों को दो रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। 17 जून से 23 जून तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता ने पहले ही दिन से युवाओं के बीच अपनी विशेष पहचान बना ली है और शहर में खेलों के प्रति उत्साह का माहौल बना दिया है।

जनता रोड खुर्द स्थित चंदना इंडोर गेम्स में गुरुवार रात्रि 9 बजे से प्रतियोगिता के दूसरे दिन का आयोजन शुरू होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विधायक राजीव गुंबर होंगे, जो फीता काटकर मैचों का शुभारंभ करेंगे तथा खिलाड़ियों को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन पहला मुकाबला शहरी चौपाल वॉरियर्स और कैप्चरिंग किंग्स के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें जीत के इरादे से मैदान में उतरेंगी और दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा। वहीं दूसरा मुकाबला प्रिंस कपिल चैलेंजर्स और सहारनपुर रॉयल्स के बीच होगा। दोनों टीमों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं, जिनके प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहेगी।
सीपीएल-2026 केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं बल्कि सहारनपुर के युवा क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और खेल प्रतिभाओं को एक मंच देने का अभिनव प्रयास है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम वर्क की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों रोहन महाजन, अविरल आर्य और अर्पित मिड्ढा ने बताया कि टूर्नामेंट को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। पहले दिन हुए मुकाबलों को दर्शकों ने खूब सराहा और बड़ी संख्या में लोग मैच देखने पहुंचे। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में भी कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे और 23 जून को प्रतियोगिता का भव्य फाइनल खेला जाएगा।
आयोजकों के अनुसार दर्शकों की सुविधा के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों एवं अतिथियों के स्वागत के साथ-साथ अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमें ट्रॉफी जीतने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को तैयार हैं।
नगर विधायक राजीव गुंबर की मौजूदगी प्रतियोगिता के दूसरे दिन को और अधिक विशेष बनाएगी। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि उनके प्रेरणादायक विचार खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार करेंगे। शहर के युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों में आज के मुकाबलों को लेकर विशेष उत्सुकता दिखाई दे रही है।








