शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा” के तहत आबकारी विभाग और थाना नकुड़ पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3.761 किलोग्राम अवैध गांजा, 216 ग्राम चरस, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पैकेजिंग पॉलीथीन तथा 5,730 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी, नशे के अवैध कारोबार तथा प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी नकुड़ के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक देवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में आबकारी विभाग और थाना नकुड़ पुलिस की संयुक्त टीम ने 18 जून को चेकिंग अभियान के दौरान किशोरी लाल गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान ईश्वर चौधरी पुत्र महेंद्र सिंह निवासी ग्राम गदरहेड़ी थाना सरसावा तथा टिंकू उर्फ कौशेंद्र पुत्र ओम सिंह निवासी ग्राम नैनखेड़ा थाना रामपुर मनिहारान के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 3.761 किलोग्राम अवैध गांजा और 216 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके अलावा नशीले पदार्थों की तौल और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पैकेजिंग पॉलीथीन और बिक्री से प्राप्त 5,730 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि आरोपी नशीले पदार्थों की बिक्री और वितरण के संगठित नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना नकुड़ में मुकदमा अपराध संख्या 336/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
इस संयुक्त कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक अक्षय कुमार, प्रभारी निरीक्षक देवेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक राकेश शर्मा, आबकारी हेड कांस्टेबल परमवीर सिंह, वैभव कुमार, कांस्टेबल मयंक सिंह, हेड कांस्टेबल बलराम तथा आरक्षी जोगेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस और आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है।








