शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। ज्योतिष पीठाधीश्वर एवं शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज शनिवार को गौरक्षार्थ निकाली जा रही अपनी “गविष्ठी यात्रा” के तहत सहारनपुर पहुंचे। उनके आगमन पर जनता रोड स्थित पुंवारका क्षेत्र के शिवालिक गार्डन में भव्य स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा के नेतृत्व में किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
स्वागत स्थल पर पहुंचते ही संदीप सिंह राणा एवं उनकी पत्नी रेखा राणा ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का चरण वंदन कर पुष्पमालाओं और सम्मान के साथ स्वागत किया। इस दौरान पूरे परिसर में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संदीप सिंह राणा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता को विशेष स्थान प्राप्त है। गाय केवल आस्था का प्रतीक नहीं बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और भारतीय जीवन पद्धति की आधारशिला भी रही है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौ संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए तथा केंद्र और प्रदेश सरकारों से गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण का विषय किसी राजनीतिक दल या संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक चेतना से जुड़ा हुआ विषय है। उन्होंने सभी लोगों से गौसंरक्षण के राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम से पूर्व विभिन्न संतों और विद्वानों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। पंडित आत्माअनुभवी महाराज, पंडित दीपक अग्निहोत्री, पंडित रोहित कौशिक, पंडित वासुदेव महाराज, पंडित शुभम वत्स तथा पंडित दुष्यंत शर्मा ने गौमाता के धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए गौ संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति की मूल भावना करुणा, सेवा और संरक्षण पर आधारित है, जिसमें गौमाता का विशेष स्थान है।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गविष्ठी यात्रा का उद्देश्य देशभर में गौ संरक्षण के प्रति जनजागरण करना और समाज को इस विषय पर संगठित करना है। यात्रा के माध्यम से विभिन्न राज्यों और जिलों में लोगों को गौ सेवा और संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इनमें संगठन प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष नितिन शर्मा, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, सुरेश पुंडीर, रजनीश प्रधान, कुणाल शांडिल्य, कार्तिकेय राणा, प्रवीण चौधरी, वरुण शर्मा, अक्षय चौधरी, मनीष सहगल, रीता बब्बर, घनश्याम छंगानी, शाजिद अली बिजोपुरा, पवन राणा, राजू प्रधान, मनिंदर राणा, शिवकुमार राणा, मदन सिंह, संजीव प्रधान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संदीप सिंह राणा ने सभी अतिथियों, संतों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण का यह अभियान समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करेगा। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों और युवाओं की उपस्थिति ने गौ संरक्षण के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता को भी दर्शाया।








