सहारनपुर: पुलिस मुठभेड़ में शातिर गौकश अरशद उर्फ बुम्बा घायल गिरफ्तार, तमंचा व गौकशी के उपकरण बरामद

सहारनपुर के थाना चिलकाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान शातिर गौकश अरशद उर्फ बुम्बा घायल अवस्था में गिरफ्तार। कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, गौकशी के उपकरण, नकदी और एक जीवित गोवंश बरामद।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में अपराध एवं गौकशी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चिलकाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौकश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, गौकशी के उपकरण, नकदी तथा एक जीवित गोवंश बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी पहले से कई संगीन मामलों में वांछित चल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद भर में अपराध नियंत्रण, गौकशी, चोरी, लूट, डकैती, अवैध नशा कारोबार तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार सघन चेकिंग और गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना प्रभारी चिलकाना विनोद कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ ग्राम औरंगजेबपुर से ग्राम घाटेड़ा जाने वाले मार्ग पर स्थित एक ट्यूबवेल के निकट संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम घाटेड़ा के जंगल में गन्ने के खेत के भीतर एक व्यक्ति गौकशी की घटना को अंजाम दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके की ओर रवाना हुई। पुलिस के निकट पहुंचते ही आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरशद उर्फ बुम्बा पुत्र नानू निवासी ग्राम बुढ्ढाखेड़ा, थाना चिलकाना, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, गौकशी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण, 500 रुपये नकद तथा एक जीवित गोवंश बरामद किया गया। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भिजवाया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी थाना चिलकाना में पंजीकृत एक मुकदमे में फरार एवं वांछित चल रहा था। उसके विरुद्ध पूर्व में मु0अ0सं0 122/2026 धारा 109(1) बीएनएस, 3/8 सीएस एक्ट तथा 3/25/5/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपी के खिलाफ जनपद सहारनपुर के विभिन्न थानों में गौकशी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास तथा अन्य गंभीर धाराओं में नौ से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। थाना चिलकाना पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को जनपद पुलिस की अपराध नियंत्रण मुहिम में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य