शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कश्यप समाज के अराजनैतिक संगठन के गठन के उद्देश्य से दिल्ली रोड स्थित हसनपुर चौक शिव मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में समाज के लोगों ने एकजुटता और अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित समाज के लोगों ने सामाजिक, संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों पर चर्चा करते हुए समाज को मजबूत और संगठित बनाने पर जोर दिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कश्यप समाज को अपने अधिकारों, सम्मान और हिस्सेदारी के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संगठित होकर आगे बढ़ना होगा। समाज के साथ कथित रूप से हो रहे अत्याचार और उपेक्षा का विरोध करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अब समय आ गया है कि समाज अपनी सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन करे और हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
मुख्य वक्ता मांगेराम कश्यप और शीशपाल कश्यप ने कहा कि समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता है। यदि समाज संगठित रहेगा तो उसकी आवाज शासन और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में आगामी चुनावों को लेकर भी चर्चा हुई। सर्वसम्मति से कहा गया कि जो राजनीतिक दल कश्यप समाज को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व देते हुए उचित संख्या में टिकट प्रदान करेगा, समाज उसके समर्थन पर विचार करेगा। वक्ताओं ने कहा कि देश और प्रदेश की राजनीति में कश्यप समाज की मजबूत भागीदारी समय की आवश्यकता है।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। बसपा के कोऑर्डिनेटर विजेंद्र कश्यप, सपा नेता मांगेराम कश्यप, निषाद पार्टी के उदयवीर कश्यप तथा महर्षि कश्यप ज्ञान आश्रम पिलखनी के संस्थापक प्रधान मांगेराम कश्यप सहित अनेक वक्ताओं ने समाज को शिक्षित, संगठित और जागरूक बनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर पार्षद धन प्रकाश कश्यप, विनय कश्यप, सत्यपाल कश्यप, सतीश कश्यप, नेत्रपाल कश्यप, बाबूराम कश्यप, बीडीसी सदस्य शिवम कश्यप, प्रो. संदीप कश्यप, जयपाल कश्यप, प्रवीन कश्यप, कर्ण सिंह कश्यप, सोमपाल कश्यप, आजाद कश्यप, वीरसेन कश्यप, रोहित कश्यप, शिव प्रसाद कश्यप, नंद किशोर कश्यप सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक के अंत में समाज के उत्थान, राजनीतिक सहभागिता बढ़ाने तथा एक मजबूत संगठन के गठन के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।








