शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर क्रिएटर प्रीमियर लीग (सीपीएल)-2026 के पांचवें दिन क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच और उत्साह से भरपूर मुकाबला देखने को मिला। लीग के मुख्य मुकाबले में थंडर टाइटंस और कैप्चरिंग किंग्स आमने-सामने थीं। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, लेकिन अंततः थंडर टाइटंस ने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर मुकाबले में जीत दर्ज कर ली। वहीं कैप्चरिंग किंग्स को कड़े संघर्ष के बाद हार का सामना करना पड़ा।
पांचवें दिन के मुख्य अतिथि के रूप में चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज (सीआईएस) सहारनपुर के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने शिरकत की। उन्होंने टॉस कराकर मैच का शुभारंभ कराया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी।
अपने संबोधन में रविंद्र मिगलानी ने कहा कि सीपीएल-2026 केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और सकारात्मक सोच का उत्सव है। खेल युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, संघर्ष और टीम भावना का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को खेलों से जोड़ना बेहद आवश्यक है, क्योंकि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास का भी मजबूत माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि सहारनपुर में इस स्तर का आयोजन होना पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है। सीपीएल जैसे मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। खेल युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने तथा भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
रविंद्र मिगलानी ने आयोजन की सफलता के लिए विशेष रूप से आयोजक अर्पित मिड्ढा की सराहना की। उन्होंने कहा कि अर्पित मिड्ढा ने अपने समर्पण, मेहनत और दूरदर्शिता से सीपीएल को एक नई पहचान दिलाई है। ऐसे आयोजन सहारनपुर में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
मैच के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे। आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि रविंद्र मिगलानी का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। सीपीएल-2026 लगातार रोमांचक मुकाबलों के साथ अपने निर्णायक चरण की ओर बढ़ रहा है। आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, जिससे लीग का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है।








