फैय्याज अली आब्दी
नानौता (सहारनपुर)। थाना क्षेत्र के दिल्ली मार्ग स्थित गंगनहर के निकट शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसका मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा पलटी, जिससे दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना शामली क्षेत्र के गांव गोमतीपुर निवासी हरिओम पुत्र अजब सिंह अपने भांजे जुली पुत्र भूरा निवासी गांव शब्बीरपुर के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। बताया जाता है कि दोनों किसी कार्य से बाहर गए हुए थे और वापस घर आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक नानौता थाना क्षेत्र में दिल्ली मार्ग स्थित गंगनहर के समीप पहुंची, अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार होने के कारण बाइक सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी और कई बार पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों लोग दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना होते ही आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद जुली को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरिओम की हालत गंभीर होने के कारण उसका उपचार जारी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक जुली मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह चार बहनों का इकलौता भाई था और परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बने गहरे गड्ढों को दुर्घटनाओं का कारण बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा के उचित इंतजाम करने की मांग की है।








